26 नवंबर के लिए भाजपा-कांग्रेस की है तैयारी, संविधान दिवस पर झारखंड में भिड़ंत; देखना होगा कौन किस पर भारी?
झारखंड में संविधान दिवस पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अलग-अलग कार्यक्रम तय किए हैं, जिससे राजनीतिक टकराव की संभावना है। भाजपा 'संविधान गौरव दिवस' मनाएगी, जबकि कांग्रेस मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में 'संविधान रक्षा दिवस' मनाएगी।

संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने तय किया है कार्यक्रम।
HighLights
भाजपा 'संविधान गौरव दिवस' मनाएगी, संगोष्ठियां और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित होंगी।
कांग्रेस 'संविधान रक्षा दिवस' पर मतदाता सूची से नाम काटे जाने का विरोध।
दोनों दलों के कार्यक्रम स्थल अलग, सीधे टकराव की संभावना कम।
राज्य ब्यूरो, रांची। संविधान की रक्षा और इसके नाम पर गौरव की अनुभूति के बहाने कल संविधान दिवस के अवसर पर एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हो सकती हैं। पूर्व में भी दोनों दल कुछ मौकों पर टकरा चुके हैं। कांग्रेस जहां लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने के खिलाफ आंदोलन कर रही है, वहीं भाजपा संविधान गौरव दिवस के आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटी है।
हालांकि, संविधान दिवस पर दाेनों पार्टियों का आयोजन स्थल अलग-अलग होने से टकराव की संभावना कम है। कांग्रेस 26 नवंबर को जहां संविधान रक्षा दिवस कार्यक्रम के बहाने मतदाता सूची से लोगों का नाम काटे जाने के विरोध में प्रदर्शन करेगी। वहीं, भाजपा इसी तारीख को संविधान गौरव दिवस मनाने जा रही है।
इसके पूर्व के कार्यक्रमों में दोनों दलों के बीच टकराव का मुख्य कारण था कि इन्होंने एक-दूसरे के पार्टी कार्यालय का घेराव किया था जहां टकराव होने से भविष्य के लिए भी दोनों संगठनों में विवाद की बातें सामने आ गई थीं। अब दोनों संगठन आपस में विवाद नहीं करना चाह रहे हैं। हालांकि इसके बावजूद हंगामे की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
क्या है दोनों दलों का कार्यक्रम
भाजपा राज्य में 'संविधान गौरव दिवस' मनाएगी। इस अवसर पर झारखंड के सभी 30 सांगठनिक जिलों में संगोष्ठियां और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। रांची में कार्निवल बैंक्वेट हाल में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, कांग्रेस रांची में 'संविधान रक्षक रैली' निकालेगी। यह राज्य स्तरीय रैली भीमराव आंबेडकर चौक से शुरू होगी और मार्च करते हुए बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास संपन्न होगी।
यह भी पढ़ें- खनिज अधिकार पर झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार से, पक्ष-विपक्ष में एमएमडीआर एक्ट पर घमासान तय
यह भी पढ़ें- कोलकाता-वाराणसी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का ट्री-एग्जिट प्वाइंट बोकारो जिले में पेटरवार के बूढ़न गोडा में बनेगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।