Jharkhand Politics: बिहार चुनाव के लिए झारखंड भाजपा ने बनाई रणनीति, नेता और कार्यकर्ताओं को दी जिम्मेदारी
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए झारखंड प्रदेश भाजपा अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को भेजेगी। दुर्गा पूजा से पहले ही कार्यकर्ताओं को बिहार प्रवास पर भेजा जाएगा। इस बार प्रदेश संगठन ने जिलास्तरीय कार्यकर्ताओं को भी चुनाव अभियान में लगाने की योजना बनाई है। पिछले दिनों बिहार के पूर्णिया में दोनों प्रदेश के संगठन मंत्रियों की बैठक में यह तय किया गया।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश भाजपा अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बिहार चुनाव में प्रचार अभियान के लिए भेजेगी। दुर्गा पूजा से पहले ही कार्यकर्ताओं को बिहार प्रवास पर भेजा जाएगा।
इस बार प्रदेश संगठन ने जिलास्तरीय कार्यकर्ताओं को भी चुनाव अभियान में लगाने की योजना बनाई है। पिछले दिनों बिहार के पूर्णिया में दोनों प्रदेश के संगठन मंत्रियों की बैठक में यह तय किया गया।
सीमावर्ती जिलों के अध्यक्ष को पड़ोस की विधानसभा सीट पर प्रभारी बना कैंप कराया जाएगा। बिहार भाजपा के संगठन प्रभारी विनोद तावड़े को प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची भेज दी गई है।
बिहार चुनाव प्रचार में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं को विनोद तावड़े ने व्यक्तिगत तौर पर पत्र भेजकर सक्रियता तेज करने के लिए कहा है।
झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे दीपक प्रकाश अभी बिहार में संगठन के सह प्रभारी हैं। बिहार के आदिवासी बहुल सीटों पर भी झारखंड भाजपा के आदिवासी नेताओं को प्रचार के लिए भेजा जाएगा।
साहिबगंज, देवघर और कोडरमा में बनेगा सहायता केंद्र
बिहार से सटे राज्य के जिलों में भाजपा चुनाव अभियान में सहयोग के लिए सहायता केंद्र बनाएगी। साहिबगंज, देवघर और कोडरमा में बने इन केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ता पड़ोस की विधानसभा सीटों पर सामाजिक समीकरण साधेंगे।
दोनों प्रदेश के संगठन महामंत्रियों ने इसके लिए स्थान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर दी है। इन केंद्रों पर प्रचार अभियान में आए नेताओं के ठहरने और आवागमन की व्यवस्था भी होगी।
सीमांचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में प्रचार अभियान और आवास के लिए साहिबगंज में केंद्र बनाया जाएगा। पार्टी के वरीय नेता इस पर रणनीति बनाने में जुटे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।