विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गरीबों और आम लोगों के लिए बालू को किया जाए फ्री, विधानसभा में बोले जनार्दन पासवान- ट्रैक्टर होते हैं जब्त, डराए जाते झारखंडी

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:04 PM (IST)

झारखंड विधानसभा सत्र में खनन संशोधन कानून पर चर्चा के दौरान जनार्दन पासवान ने गरीबों के लिए बालू मुफ्त करने की मांग की, जबकि अरूप चटर्जी ने विस्थापितों के पुनर्वास और खनन के बाद भूमि भराई के मुद्दों पर जोर दिया।

झारखंड विधानसभा में खनन कानून पर विधायकों ने उठाई स्थानीय मुद्दे। (तस्वीर: संजय सुमन)

झारखंड विधानसभा में खनन कानून पर विधायकों ने उठाई स्थानीय मुद्दे। (तस्वीर: संजय सुमन)

HighLights

  1. गरीबों के लिए बालू मुफ्त करने की मांग उठी।

  2. विस्थापितों के पुनर्वास और भूमि भराई पर चिंता जताई।

  3. राज्य की खनिज नीति और सेस पर चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन खनन संशोधन कानून/बिल पर चर्चा के दौरान विधायकों ने राज्य की खनिज नीति, सेस और स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी।

जनार्दन पासवान बोले- गरीबों और आम लोगों के लिए फ्री होना चाहिए बालू

चतरा के विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि गरीबों और आम लोगों के लिए बालू को फ्री कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खनिज आधारित इस राज्य में गरीब लोग अधिक हैं, इसलिए गरीबी दूर करने के लिए खदानों (माइंस) को चालू करना चाहिए था और अतिरिक्त खनन करना चाहिए था, न कि अतिरिक्त टैक्स लगाना चाहिए था।

पासवान ने कहा कि राज्य में खदानों का टेंडर अब तक नहीं हुआ है और स्थिति यह है कि स्थानीय लोगों को यदि बालू की जरूरत पड़ती है तो उन्हें डराया जाता है तथा उनके ट्रैक्टर जब्त कर लिए जाते हैं।

सेस लगाने से झारखंड के कोयला की मांग कम नहीं होगी: अरूप चटर्जी

निरसा से भाकपा माले विधायक अरूप चटर्जी ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम का विरोध किया। उन्होंने कहा कि देश के कुल कोयला भंडार का 27 प्रतिशत से अधिक हिस्सा झारखंड में है और अन्य खनिजों में भी राज्य की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से अधिक है।

अरूप चटर्जी के अनुसार, राज्य सरकार के सेस से कोल इंडिया को नुकसान नहीं होगा और झारखंड के कोयले की मांग भी कम नहीं हुई है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस मुद्दे पर झारखंड सरकार को अन्य खनिज उत्पादक राज्यों से भी बातचीत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि धनबाद में कोयले का विशाल भंडार है, लेकिन खनन परियोजनाओं के कारण जिन परिवारों की जमीन ली जाती है, उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती है। विधायक ने आरोप लगाया कि कोल इंडिया की ओर से विस्थापितों को शिफ्टिंग अलाउंस के नाम पर केवल 20 या 40 हजार रुपये दिए जाते हैं, इतनी कम राशि में कोई परिवार अपना जीवन दोबारा कैसे व्यवस्थित कर सकता है।

अरूप चटर्जी ने यह भी कहा कि खनन के बाद खाली जमीन की भराई (लैंड फिलिंग) का काम भी ठीक से नहीं किया जाता है और खनिज संपदा के दोहन के दौरान स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- झारखंड को 13 हजार करोड़ के नुकसान का खतरा, MMDR एक्ट के खिलाफ विधानसभा में हेमंत सोरेन ने पेश किया राजकीय संकल्प

यह भी पढ़ें- कुतुबमीनार से कूदे थे बाबूलाल, भाजपा वालों ने बचा लिया; विधानसभा में खनन बिल पर चर्चा के दौरान हास्य परिहास भी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।