झारखंड में आज से 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, तीन महीने का वेतन बकाया
झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी आज रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। वे ...और पढ़ें

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
108 एंबुलेंस कर्मचारी आज रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
लंबित वेतन, मनमानी कटौती और अन्य मुद्दों पर आंदोलन करेंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी आज रात आठ बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। लंबित वेतन और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया है।
हड़ताल के दौरान कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन बकाया है।
इसके अलावा फरवरी 2025 से कथित तौर पर की जा रही मनमानी वेतन कटौती की जांच और काटी गई राशि की वापसी भी नहीं हुई है। वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच, खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान और कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने के दबाव जैसे मामलों पर भी कार्रवाई नहीं हुई है। निजी पैसे से एंबुलेंस की मरम्मत कराने के लिए कर्मचारियों पर दबाव बनाए जाने की शिकायत भी संघ ने की है।
वही संघ का कहना है कि इससे पहले भी कई बार आंदोलन किया गया, लेकिन हर बार आश्वासन देकर इसे स्थगित करा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक मांगों का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। इसके बावजूद तय समय सीमा बीतने के बाद भी न बकाया वेतन का भुगतान हुआ और न ही अन्य समस्याओं का समाधान किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब कर्मचारी केवल आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे। मांगों पर ठोस कार्रवाई और बकाया वेतन का भुगतान होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए 18 नवंबर को रांची के धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में सभी जिलों के अध्यक्षों और सचिवों की बैठक बुलाई गई है। संघ ने राज्यभर के 108 एंबुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।