Jharkhand News: पंकज मिश्रा का प्रतिद्वंद्वी प्रकाश गिरफ्तार, बड़े-बड़े कारनामों के लिए मशहूर, साहिबगंज का बड़ा पत्थर कारोबारी
Pankaj Mishra vs Prakash Yadav झारखंड के साहिबगंज पुलिस ने पंकज मिश्रा के कारोबारी प्रतिद्वंद्वी प्रकाश यादव को रांची एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एक साल पूर्व तक वह सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला कारोबारी रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jaiprakash Yadav Sahibganj Biggest Stone Trader Arrest मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के व्यवसायिक प्रतिद्वंद्वी प्रकाश यादव उर्फ मुंगेरी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से साहिबगंज पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। साहिबगंज जिले के राजमहल थाने में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है। इसी मामले में पुलिस वारंट लेकर यहां रांची आई थी। पत्थर कारोबार में पंकज मिश्रा और प्रकाश यादव उर्फ मुंगेरी यादव में शुरू से ही प्रतिद्वंद्विता रही है।
इसलिए पंकज से प्रकाश को है अदावत
ऐसा कहा जा रहा कि पंकज मिश्रा ने प्रकाश यादव को व्यवसाय में बहुत चोट पहुंचाया था। इसके चलते ही प्रकाश यादव ने बदला लेने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में अपने सहयोगी शिव शंकर शर्मा से जनहित याचिका दायर कराई है। शिवशंकर शर्मा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी हाई कोर्ट में कई मुकदमा किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के खिलाफ लगातार मोर्चा खोलने के बाद ही पंकज मिश्रा व उनके सहयोगियों पर घेराबंदी शुरू हुई। पूरे मामले की जांच ईडी कर रहा है। वैसे प्रकाश यादव व शिवशंकर शर्मा के संबंधों पर प्रकाश यादव ने कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन दोनों के संबंधों की चर्चा हो रही है।
कारोबार में पंकज ने प्रकाश को पहुंचाई क्षति
बताया जा रहा कि शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे बरहेट थाने की पुलिस रांची एयरपोर्ट पहुंची। मौका पाते ही पुलिस ने प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया। प्रकाश यादव को साहिबगंज जिले का सबसे बड़ा पत्थर कारोबारी बताया जाता है। एक साल पहले तक वह सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला कारोबारी था। इसे साहिबगंज में पत्थर कारोबार का किंग कहा जाता रहा है। प्रकाश यादव का भी गंगा नदी में जहाज चलता था। पिछले एक साल से पंकज मिश्रा से दुश्मनी के चलते प्रकाश यादव को भारी नुकसान हुआ है।
इंडिगो की फ्लाइट से पटना जाने की थी तैयारी
साहिबगंज पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा नहीं किया कि प्रकाश यादव को किस ममाले में गिरफ्तार किया गया है। प्रकाश यादव पर किस तरह के आरोप लगाए गए हैं। उम्मीद है कि पुलिस देर रात तक इस मामले में अपना पक्ष रख सकती है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके बाद उसे जेल भेजने की तैयारी में जुटी है। प्रारंभिक सूचना है कि प्रकाश यादव रांची से इंडिगो की फ्लाइट से पटना जाने वाले थे इससे पहले ही साहिबगंज की पुलिस ने एयरपोर्ट के पास से इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।