रांची से लखनऊ के बीच चलेगी सीधी ट्रेन, मुख्यालय को रांची रेल मंडल ने भेजा प्रस्ताव
Indian Railway News रांची रेलवे स्टेशन से लखनऊ जाना अब बेहद आसान हो जाएगा। यात्रियों को यहां से लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए चिंंता नहीं करनी पड़े ...और पढ़ें

रांची, जागरण संवाददाता। अब रांची रेलवे स्टेशन से लखनऊ रेलवे स्टेशन के लिए सीधी ट्रेन होगी। रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को लेकर इस प्रस्ताव को मुख्यालय को भेजा है। यात्री और व्यापारियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने बनारस होते हुए लखनऊ ट्रेन का परिचालन करने का मन बनाया है।
सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी
वर्तमान में रांची और लखनऊ के बीच कोई भी सीधी ट्रेन का परिचालन नहीं हो रहा है। मुरी जंक्शन से लखनऊ के बीच भले ही एक ट्रेन का परिचालन हो रहा है। दूसरी तरफ लखनऊ जाने के लिए यात्री को कानपुर स्टेशन पर उतरना पड़ता है, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के लिए या तो उस ट्रेन को बदलनी पड़ती है या फिर सड़क मार्ग से जाना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। फाइल रेल मंत्रालय भेजी गई है। वहां से हरी झंडी का इंतजार है। जैसे ही हरी झंडी मिलेगी, रांची-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन लखनऊ तक चलेगी।
ट्रॉयल बेसिस पर शुरू ट्रेन सेवा हो गई थी फेल
इससे पूर्व रांची रेल डिवीजन ने रांची से लखनऊ तक के लिए ट्रॉयल बेसिस पर एसी ट्रेन सेवा शुरू की थी, जो फेल हो गई थी। रेलवे को लखनऊ तक एसी ट्रेन को बंद करना पड़ा। इसके बाद रेलवे ने रांची- बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को ही लखनऊ तक विस्तार देने के लिए सहमति बनाई और रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया।
यात्री 15-16 घंटे के बीच पहुंच जाएंगे लखनऊ
ट्रेन के परिचालन से वाराणसी जाने वाले यात्रियों को भी फायदा होगा, क्योंकि एक और अतिरिक्त ट्रेन बनारस के लिए रांची से खुलेगी। ट्रेन के परिचालन शुरू होने से यात्री 15-16 घंटे के बीच लखनऊ पहुंच सकेंगे। इससे यात्रियों को काफी फायदा होगा। इसके लिए रांची रेल डिवीजन और दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय की सहमति मिल गई है।
ट्रेन नहीं होने से रांची से खुलती हैं कई बसें भी
मालूम हो कि झारखंड में बड़ी संख्या में उत्तरप्रदेश के लोग रहते हैं। इन लोगों को बनारस, लखनऊ और अन्य शहरों तक जाने में काफी परेशानी होती थी। बड़ी संख्या में लोग बस से सफर करने को मजबूर नजर आते हैं। दर्जनभर बसें हर दिन शाम में यहां से बनारस और अन्य शहरों के लिए रवाना होती हैं। ऐसे में इस ट्रेन के परिचालन से इन यात्रियों को काफी सुविधा होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।