जेएससीए में फिर गूंजेगा टीम इंडिया का बल्ला, रांची में जीत का ‘चौका’ लगाने उतरेगा भारत
भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले के लिए टीम इंडिया तैयार ...और पढ़ें

जेएससीए में चार टी-20 में तीन जीत, वेस्टइंडीज पर 2-0 की बढ़त के इरादे से उतरेगा भारत।
HighLights
रांची में भारत का टी-20 रिकॉर्ड: 4 में से 3 जीत।
टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 1-0 से आगे।
भारत का लक्ष्य रांची में 2-0 की बढ़त बनाना।
जागरण संवाददाता, रांची। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम एक बार फिर टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 में टीम इंडिया रांची में अपने मजबूत रिकार्ड को और बेहतर करने उतरेगी।
जेएससीए में भारत ने अब तक चार टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें तीन में जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। रांची में भारत ने अपना पहला टी-20 मुकाबला 2016 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
टीम इंडिया ने यह मुकाबला 69 रन से जीता। इसके बाद 2017 में आस्ट्रेलिया को नौ विकेट और 2021 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर भारतीय टीम ने रांची में अपना दबदबा कायम रखा।
हालांकि, 2023 में न्यूजीलैंड ने भारत को 21 रन से हराकर इस मैदान पर उसकी जीत की हैट्रिक रोक दी थी। इसके बाद से रांची में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं हुआ। अब तीन साल बाद टीम इंडिया की वापसी हो रही है।
सीरीज में बढ़त, रांची में रिकार्ड सुधारने का मौका
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 172 रन के लक्ष्य को महज 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया था। अब रांची में जीत के साथ भारत सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने के इरादे से उतरेगा।
रांची में भारत का टी-20 रिकार्ड
- मैच : 4
- जीत : 3
- हार : 1
- सबसे बड़ी जीत : श्रीलंका के खिलाफ 69 रन
- पिछली हार : न्यूजीलैंड से 21 रन
- पिछला टी-20 : 2023
यह भी पढ़ें- रांची में टॉस बनेगा गेमचेंजर: बादल-ओस तय करेंगे मैच का रुख, 3 बजे से दर्शकों की एंट्री; स्टेडियम में किन चीजों पर बैन
