विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में टॉस बनेगा गेमचेंजर: बादल-ओस तय करेंगे मैच का रुख, 3 बजे से दर्शकों की एंट्री; स्टेडियम में किन चीजों पर बैन

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:15 PM (IST)

IND vs WI T20: रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले में टॉस, मौसम और ओस की भूमिका अहम होगी, जो मैच ...और पढ़ें

रांची T20 में मौसम का डबल अटैक! बादल-ओस के बीच टॉस होगा अहम।

रांची T20 में मौसम का डबल अटैक! बादल-ओस के बीच टॉस होगा अहम।

HighLights

  1. रांची टी-20 में टॉस, मौसम और ओस मैच का रुख तय करेंगे।

  2. भारत-वेस्टइंडीज मैच शाम 7 बजे, दर्शकों की एंट्री 3 बजे से।

  3. स्टेडियम में कई इलेक्ट्रॉनिक और व्यक्तिगत सामान प्रतिबंधित रहेंगे।

जागरण संवाददाता, रांची। आज रांची में खेले जाने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले में जेएससीए की पिच से ज्यादा मौसम और ओस की भूमिका अहम हो सकती है। शाम सात बजे शुरू होने वाले मुकाबले में टास जीतने वाली टीम परिस्थितियों के अनुसार पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

रात में ओस बढ़ने पर दूसरी पारी में गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण होगा। मैच की शुारुआत में बादल और नमी का फायदा तेज गेंदबाजों को मिल सकता है। नई गेंद स्विंग होने से शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों की परीक्षा होगी। इसके बाद पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होने की उम्मीद है। ऐसे में टॉस के साथ पहले कुछ ओवर मैच की दिशा तय कर सकते हैं।

रात में ओस आने पर गेंद गीली होगी और स्पिनरों के लिए गेंद पर पकड़ बनाना मुश्किल हो सकता है। इसका फायदा लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को मिल सकता है। यही वजह है कि टास जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी कर दूसरी पारी में ओस का फायदा उठाने की कोशिश कर सकता है।

हालांकि, जेएससीए में पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का रिकार्ड लगभग बराबर रहा है। इसलिए टास महत्वपूर्ण जरूर है, लेकिन जीत की गारंटी नहीं। बादल, पिच की नमी और रात की ओस के बीच सही रणनीति बनाने वाली टीम के लिए टास गेमचेंजर साबित हो सकता है।

स्टेडियम के अंदर इन सामानों पर रहेगा तिबंध, नवजात का भी लगेगा टिकट

 

शुक्रवार को शाम सात बजे इंडिया-वेस्ट इंडीज के बीच जेएससीए स्टेडियम में मैच शुरू होगा। इसके लिए दोपहर तीन बजे से दर्शकों की इंट्री शुरू हो जाएगी। नवजात का भी टिकट लगेगा। स्टेडियम में एक बार इंट्री मिलने के बाद मैच के दौरान स्टेडियम से बाहर निकलने पर दोबारा स्टेडियम में इंट्री नहीं मिलेगी।

वहीं ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों को स्टेडियम के गेट पर डायरेक्ट मोबाइल क्यूआर कोड स्कैन करने इंट्री मिलेगी। उन्हें टिकट की कापी लेकर जाने की जरूर नहीं पड़ेगी। सुरक्षा को देखते हुए स्टेडियम में इंट्री के दौरान सिक्के, हेलमेट, थैला, झोला या बैग समेत कई चीजें ले जाने पर रोक रहेगी।

स्टेडियम के अंदर इन सामानों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

  • इलेक्ट्रानिक उपकरण: डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकार्डर, कंप्यूटर/लैपटाप, ट्रांजिस्टर, ईयर प्लग और हेडफोन।
  • व्यक्तिगत सामान: किसी भी तरह के सिक्के, हेलमेट, थैला, झोला या बैग।
  • खान-पान की वस्तुएं: बाहर का खाना, कांच या प्लास्टिक की बोतलें, टिन/कैन और धातु के कंटेनर।
  • नशे एवं ज्वलनशील वस्तुएं: सिगरेट, लाइटर, तंबाकू उत्पाद, शराब, मादक या अवैध पदार्थ, पटाखे और आतिशबाजी सामग्री।
  • खतरनाक वस्तुएं: किसी भी प्रकार के हथियार तथा खतरनाक या विषाक्त पदार्थ।
  • अन्य वस्तुएं: संगीत वाद्ययंत्र तथा बिना अनुमति वाले कमर्शियल लोगो, प्रायोजक अधिकारों का उल्लंघन करने वाले बैनर और झंडे।