विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hemant Soren: 'हमने 2019 में डाली नींव; अब उसपर खड़ी होगी बिल्डिंग', विधानसभा में बोले हेमंत सोरेन

Published: Thu, 12 Dec 2024 08:07 PM (IST)

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा ...और पढ़ें

'हमने 2019 में डाली नींव; अब उसपर खड़ी होगी बिल्डिंग', विधानसभा में बोले हेमंत सोरेन
'हमने 2019 में डाली नींव; अब उसपर खड़ी होगी बिल्डिंग', विधानसभा में बोले हेमंत सोरेन

HighLights

  1. हमने लंबी लकीर खींची, गांव-देहात से चलेगी हमारी सरकार - हेमंत सोरेन `
  2. भाजपा ने झारखंड को दलदल में धकेला, हमे सत्ता से हटाने को हथकंडे अपनाए
  3. भाजपा के शासनकाल में किसान कर रहे थे आत्महत्या, लोग भूखे मर रहे थे

राज्य ब्यूरो, रांची। विधानसभा में गुरुवार को सत्र के अंतिम दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जहां एक ओर भाजपा को निशाने पर लिया, वहीं सरकार की भावी योजनाओं को रेखांकित किया। संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में हमने लंबी लकीर खींची है। हमारी सरकार प्रोजेक्ट भवन से नहीं, गांव-देहात से चलेगी। भाजपा ने झारखंड को दलदल में धकेला है। हमें सत्ता से हटाने के लिए सारे हथकंडे अपनाए गए।

भाजपा के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि तब किसान राज्य में आत्महत्याएं कर रहे थे। लोगों को भूखे मरते देखा है। भाजपा सरकार के दौरान राज्य के अलग होने के बाद सभी डरे-सहमे थे और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग कहते हैं कि उन्होंने झारखंड को अलग किया। यह सही है कि उन्होंने मुहर लगाई, लेकिन राज्य संघर्ष से राज्य मिला है। 

सोरेन ने कहा, अलग झारखंड आंदोलन की लड़ाई दिशोम गुरु शिबू सोरेन, वीर निर्मल महतो, विनोद बिहारी महतो समेत अन्य नेताओं के नेतृत्व में चली। यह लड़ाई वर्षों चली और लोगों ने बलिदान दिया। महिलाएं विधवा हुईं। यहां सामंती लोग हमारे नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहते थे कि हंडिया-दारू पीने वाला राज्य लेगा। हमें गर्व है अपने नेताओं पर, जिन्होंने लड़ाई लड़ी। उन्होंने विपक्ष की ओर सवाल उछालते हुए कहा - आपलोग ही बताइए 2019 तक राज्य को क्या मिला?

2019 में रखी नींव, अब बिल्डिंग बनाने की बारी

हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले कार्यकाल के दौरान राज्य के विकास की मजबूत नींव रखी गई थी। अब बिल्डिंग बनाने की बारी है। बहुत जल्द शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में अवसर दिखाई देंगे। जब तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक राज्य के सर्वांगीण विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। इस सरकार ने हमेशा गरीबों, आदिवासियों, दलितों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेगी।

2019 में गठबंधन के सत्ता में आने के बाद बुनियादी ढांचे, पर्यटन और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में वास्तविक बदलाव हुए। 2019 से पहले लोग खुश नहीं थे। 2019 में गठबंधन सरकार बनने के बाद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया। विपक्ष से सहयोग की उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में उनकी सरकार को गिराने की कोशिशें की गई।

राज्यपाल का अभिभाषण सरकार का श्वेतपत्र

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार का श्वेत पत्र है। इसमें यह स्पष्ट है कि सरकार क्या करना चाहती है और राज्य को किस दिशा में ले जाना चाहती है। झारखंड सबसे पिछड़ा राज्य है। यहां देश के बड़े उद्योग लगे। जब देश को टाटा-बिड़ला के नाम पर जाना जाता था तो उन्होंने भी यहां उद्योग लगाए। पता नहीं कौन सा अभिशाप था कि लोग विस्थापित और बेरोजगार हुए। यहां पलायन की स्थिति बनी रही। ये बहुत गंभीर विषय है।

सीपी सिंह बुजुर्ग हो गए, रांची में हमने फ्लाइओवर बनाएं और विकास होगा

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बड़े पैमाने पर मिलेंगे। बोलने से अधिक काम को दिखाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। परिवर्तन 2019 से शुरू हुआ। हमने आधारभूत संरचना, पर्यटन, रोजगार सृजन पर काम किया। झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां श्रमिकों के लिए हमने सबसे बेहतर कानून बनाया। हम मजदूरों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। विपक्ष के भी साथी परस्पर सहयोग करें। रांची शहर के विधायक सीपी सिंह बुजुर्ग हो गए हैं। यहां फ्लाइओवर बना है। अभी और विकास होगा। हम तेजी से आगे बढ़ेंगे।

ये भी पढ़ें- Jharkhand: कौन बनेगा BJP विधायक दल का नेता? मरांडी के साथ सीपी सिंह और नीरा यादव भी रेस में

ये भी पढ़ें- Jharkhand: 'चंपई को कौन-सा भूत लगा...', ये क्या बोल गए हेमंत के MLA; महिला विधायक भड़कीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।