ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की पहल पर चर्चा, दिल्ली में मॉक पार्लियामेंट में शामिल हुए हेमंत सोरेन
INDIA Bloc Mock Parliament: नई दिल्ली में आइएनडीआइए ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया, जिसमें हेमंत सोरेन शामिल हुए।

नई दिल्ली में मॉक पार्लियामेंट में शामिल झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। (फोटो साैजन्य)
HighLights
हेमंत सोरेन दिल्ली में आइएनडीआइए के मॉक पार्लियामेंट में शामिल।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग पर चर्चा।
विपक्षी नेताओं ने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर आवाज उठाई।
राज्य ब्यूरो, रांची। नई दिल्ली में शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आइएनडीआइए की ओर से मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, राज्यसभा सदस्य बैद्यनाथ राम समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस दौरान लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं जवाबदेही से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के अनुसार, बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की पहल पर भी विचार-विमर्श किया गया। विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों पर अपनी आवाज बुलंद की।
इस आयोजन को विपक्ष की एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। रविवार को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आइएनडीआइए की ओर से बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसमें गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
आज नई दिल्ली में आयोजित INDIA गठबंधन कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस दौरान विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने SIR के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों तथा मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) October 31, 2026