Bihar Election: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगे CM हेमंत सोरेन? कांग्रेस ने भेजा न्योता
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया है। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं को भी बिहार में कैंप करने के लिए कहा गया है। हेमंत सोरेन के दौरे से विपक्षी गठबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

राज्य ब्यूरो, रांची। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व ने हेमंत सोरेन के साथ-साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और प्रमुख नेताओं को बिहार में कैंप करने को कहा है। हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभी तक बिहार जाने के संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
उनके कैबिनेट में कांग्रेस कोटे से शामिल कई मंत्री और झारखंड के अन्य नेता पहले से ही बिहार में सक्रिय हैं। हेमंत सोरेन के बिहार दौरे से विपक्षी गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा को और मजबूती मिलने की उम्मीद है, क्योंकि उनकी मौजूदगी से यात्रा का आकर्षण बढ़ेगा।
आदिवासी क्षेत्रों में मिलेगी सफलता
उनकी लोकप्रियता और आदिवासी नेतृत्व का प्रभाव बिहार के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में गठबंधन के लिए फायदेमंद हो सकता है। बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा के जरिए मतदाताओं का मूड भांप रहे हैं।
यह यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई और एक सितंबर को पटना में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी। यात्रा का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत कथित ''वोट चोरी'' के खिलाफ जनता को जागरूक करना है। राहुल और तेजस्वी की जोड़ी इस अभियान को लोकतंत्र औरसंविधान की रक्षा का संदेश दे रही है।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की हुईं शामिल
बिहार में चल रहे वोटर अधिकार यात्रा में झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। कटिहार जिले के कुर्सेला शहीद स्मारक चौक से शुरू हुई यात्रा में मंत्री शामिल हुईं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित गठबंधन के कई वरीय नेता इस यात्रा में शामिल हैं। कटिहार के कोढा में मखाना बनाने वाले मजदूरों की पीड़ा को राहुल गांधी सहित दूसरे नेताओं ने विस्तार से सुना।
इस दौरान कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी मौजूद रहीं। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि वोट का अधिकार बचाने के लिए बिहार की सड़कों पर जन सैलाब उतरा है। चुनाव आयोग के खिलाफ लोगों के मन में गुस्सा और सड़कों पर समर्थन का सैलाब नजर आ रहा है। किसी भी हाल में लोकतंत्र में जनता को मिलने वाले वोट के अधिकार को छीनने नहीं दिया जाएगा।
विपक्षी नेताओं का जमावड़ा
कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन की एकजुटता को प्रदर्शित करने के लिए अन्य प्रमुख नेताओं को भी बिहार बुलाने की योजना बनाई है। जल्द ही अन्य विपक्षी दलों के नेता भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं।
यह यात्रा बिहार के 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी और 1,300 किलोमीटर का सफर तय करेगी। महागठबंधन का दावा है कि यह यात्रा न केवल मतदाता जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि विधानसभा चुनाव में विपक्षी एकता को मजबूत करेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।