विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अरबों की संपत्ति वाला एचईसी, तीन करोड़ का कर्ज चुकाने में विफल; क्यों डूब रही कंपनी, प्रबंधन ने कहां-कहां की लापरवाही?

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:29 AM (IST)

एचईसी, हजारों एकड़ जमीन और विशाल संपत्ति का मालिक होने के बावजूद, प्रबंधन की लापरवाही और संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग न कर पाने के कारण दिवालियापन का सामना कर रहा है, जिससे यह 3.47 करोड़ रुपये का बकाया भी नहीं चुका सका। 

कैग रिपोर्ट ने भूमि प्रबंधन और आधुनिकीकरण में गंभीर खामियां उजागर की हैं।

कैग रिपोर्ट ने भूमि प्रबंधन और आधुनिकीकरण में गंभीर खामियां उजागर की हैं।

HighLights

  1. एचईसी के पास 7200 एकड़ जमीन, हजारों क्वार्टर हैं।

  2. प्रबंधन की लापरवाही से संपत्ति से राजस्व नहीं जुटाया गया।

  3. कैग रिपोर्ट ने भूमि प्रबंधन में गंभीर खामियां उजागर कीं।

अमित सिंह, रांची। देश के औद्योगिक विकास में अहम योगदान देने वाला हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन (एचईसी) आज अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। कभी भारी मशीनों और औद्योगिक उपकरणों के निर्माण में देश की पहचान रहा यह संस्थान हजारों एकड़ जमीन, विशाल कारखानों, आवासीय परिसरों और सैकड़ों भवनों का मालिक है।

इसके बावजूद कंपनी की आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई कि एक आपूर्तिकर्ता का करीब 3.47 करोड़ रुपये का मूल बकाया भी नहीं चुका सकी। ब्याज सहित यह दावा 6.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। छह नवंबर 2026 को राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने हसन ब्रदर्स की याचिका पर एचईसी के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआइआरपी) शुरू कर दी।

यह स्थिति केवल नकदी संकट नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही प्रबंधन की नीतिगत विफलता और उपलब्ध परिसंपत्तियों का व्यावसायिक इस्तेमाल नहीं कर पाने की कहानी भी बयां करती है।

7200 एकड़ जमीन, लेकिन कमाई का मजबूत मॉडल नहीं

एचईसी की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने 1958-59 में 7199.51 एकड़ जमीन आवंटित की थी। कैग की रिपोर्ट संख्या 6/2025 के अनुसार, 31 मार्च 2022 तक कंपनी के पास 1160.75 एकड़ जमीन खाली थी। इसमें 73.05 एकड़ जमीन अतिक्रमण की चपेट में थी।

इतनी बड़ी जमीन का इस्तेमाल औद्योगिक विस्तार, व्यावसायिक गतिविधियों और दीर्घकालीन लीज के माध्यम से राजस्व अर्जित करने के लिए किया जा सकता था। करीब 1500 एकड़ खाली जमीन से राजस्व जुटाने की योजना भी चर्चा में रही।

जमीन की बिक्री के लिए लगभग एक लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर निर्धारित किए जाने की बात सामने आई थी। इसके अलावा जमीन को लीज पर देकर नियमित आय अर्जित करने की संभावना थी।

लेकिन कंपनी आर्थिक संकट से जूझती रही और जमीन से कमाई का प्रभावी माडल तैयार नहीं हो सका। सवाल है कि जब कंपनी के पास इतनी बड़ी परिसंपत्ति थी, तो उसे आर्थिक मजबूती का आधार क्यों नहीं बनाया गया?

कैग रिपोर्ट में खुली एचईसी प्रबंधन की पोल

कैग की आडिट रिपोर्ट ने एचईसी के भूमि प्रबंधन की गंभीर खामियां उजागर की थीं। रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च 2019 तक कंपनी के पास 942.20 एकड़ खाली जमीन थी, जिसका अनुमानित मूल्य 1036.42 करोड़ रुपये आंका गया था। इसके बावजूद इस जमीन के लाभकारी इस्तेमाल की कोई ठोस योजना नहीं थी। कैग ने इसे प्रबंधन की बड़ी विफलता माना।

कैग रिपोर्ट में झारखंड सरकार से मिलने वाले 75.30 करोड़ रुपये के भुगतान का मामला भी सामने आया। अतिक्रमण के कारण 306.86 एकड़ जमीन हस्तांतरित नहीं हो सकी और इसकी वजह से कंपनी को पूरी राशि नहीं मिल पाई। कैग ने यह भी पाया कि एचईसी के पास जमीन को लीज पर देने की स्पष्ट नीति नहीं थी।

48.92 करोड़ किराया और प्रीमियम की वसूली नहीं

कैग की रिपोर्ट में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड को आवंटित 62 एकड़ जमीन का मामला भी दर्ज है। लीज प्रीमियम और किराये के मद में 48.92 करोड़ रुपये की वसूली नहीं हो सकी। इसी तरह एनआइएफएफटी की 57.47 एकड़ जमीन के लीज नवीनीकरण में देरी से 10.69 करोड़ रुपये की संभावित वसूली प्रभावित हुई।

ये आंकड़े बताते हैं कि कंपनी को जहां नए राजस्व स्रोत विकसित करने थे, वहीं उपलब्ध संसाधनों से मिलने वाली आय भी समय पर नहीं जुटाई जा सकी। एचईसी की टाउनशिप में 11,109 क्वार्टर होने का उल्लेख कैग की रिपोर्ट में है।

इसके अलावा स्कूल, अस्पताल, हास्टल, दुकानें और अन्य भवन भी हैं। इनमें से खाली और बेहतर स्थिति वाले भवनों को किराये या लीज पर देकर नियमित आय अर्जित की जा सकती थी।

आधुनिकीकरण और भविष्य की योजना भी रही कमजोर

कैग की वर्ष 2025 की रिपोर्ट में कंपनी की उत्पादन क्षमता और आधुनिकीकरण से जुड़ी चुनौतियों पर भी सवाल उठाए गए हैं। पुरानी मशीनें, तकनीकी खराबियां, कार्यशील पूंजी की कमी और कम श्रम उत्पादकता ने उत्पादन को प्रभावित किया।

जुलाई 2024 तक मंत्रालय से आधुनिकीकरण योजना को मंजूरी नहीं मिली थी। यानी एक तरफ जमीन और भवन जैसी परिसंपत्तियों से कमाई का रास्ता नहीं निकला, दूसरी तरफ उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी तकनीकी निवेश भी समय पर नहीं हो सका।

अब प्रशासक के सामने सबसे बड़ी चुनौती

भेल से प्रतिनियुक्त अधिकारियों के नेतृत्व में भी एचईसी के दीर्घकालीन पुनरुद्धार और राजस्व बढ़ाने की प्रभावी रणनीति नहीं बन पाने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, जिम्मेदारी तय करने के लिए संबंधित अधिकारियों के कार्यकाल और फैसलों की जांच जरूरी है।

अब एनसीएलटी नियुक्त प्रशासक एस. गोपाल कृष्णन ने कंपनी की जमीन, भवन, मशीनरी, देनदारियों, बैंक खातों और लंबित कार्यादेश का विस्तृत ब्योरा मांगा है।

वरीय प्रबंधन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल

एचईसी की मौजूदा स्थिति प्रबंधन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है। जब कंपनी के पास अरबों रुपये मूल्य की परिसंपत्तियां थीं, जमीन से राजस्व जुटाने की संभावनाएं थीं और किराये से नियमित आमदनी का रास्ता मौजूद था, तब नकदी संकट इतना गहरा कैसे गया? क्या समय रहते परिसंपत्तियों का व्यावसायिक इस्तेमाल, बकाया वसूली और आधुनिकीकरण पर ध्यान दिया जाता तो कंपनी को दिवाला प्रक्रिया तक पहुंचने से बचाया जा सकता था? अब केवल कंपनी की संपत्तियों का आकलन नहीं, बल्कि वर्षों के प्रबंधन संबंधी फैसलों की जवाबदेही तय करना भी जरूरी है।
-डीएन सिंह, सेवानिवृत, वरीय वित्त पदाधिकारी एचईसी

पुनरुद्धार योजनाएं भी नाकाम, जमीन और लीज प्रबंधन में लापरवाही

  • 942.20 एकड़ जमीन बेकार: 31 मार्च 2019 तक इतनी खाली जमीन के व्यावसायिक इस्तेमाल की कोई लाभकारी योजना नहीं थी। इसका अनुमानित मूल्य 1036.42 करोड़ रुपये था।
  • 75.30 करोड़ की वसूली अटकी: अतिक्रमण के कारण झारखंड सरकार को हस्तांतरित की जाने वाली जमीन का मामला लंबित रहा।
  • लीज नीति का अभाव: अलग-अलग संस्थानों को अलग दरों पर जमीन दी गई। लीज नवीनीकरण शुल्क में भी एकरूपता नहीं थी।
  • 48.92 करोड़ का नुकसान: गार्डन रीच शिपबिल्डर्स से लीज प्रीमियम और किराये की वसूली नहीं हो सकी।
  • दस्तावेजों की कमी: 62 एकड़ जमीन के लीज समझौते से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
  • आधुनिकीकरण की अनदेखी: पुनरुद्धार पैकेज का अधिकांश पैसा कर्ज चुकाने और कार्यशील पूंजी में खर्च हुआ।
  • मशीनों पर मामूली निवेश: पूंजीगत खर्च के लिए केवल 82.48 करोड़ रुपये इस्तेमाल हुए। इसमें 31.54 करोड़ रुपये का सिर्फ एक नया उपकरण खरीदा गया।
  • पैकेज का स्थायी लाभ नहीं: लगातार घाटे के कारण 31 मार्च 2022 तक संचित घाटा 1528.54 करोड़ रुपये पहुंच गया।
  • आधुनिकीकरण योजना लंबित: जुलाई 2024 तक मंत्रालय से आधुनिकीकरण योजना को मंजूरी नहीं मिली थी।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय का HEC संकट पर हस्तक्षेप से इनकार, यूनियनें पीएम मोदी को सौंपेंगी ज्ञापन

यह भी पढ़ें- सीसीएल भी होगी सूचीबद्ध, शेयर बाजार में बढ़ेगी झारखंड के कोयला कंपनियों की धमक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।