केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय का HEC संकट पर हस्तक्षेप से इनकार, यूनियनें पीएम मोदी को सौंपेंगी ज्ञापन
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय ने एचईसी के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप से इनकार किया है, क्योंकि कंपनी एनसीएलटी द्वारा नियुक्त आईआरपी के अधीन है। सभी यूनियनें प्रधानमंत्री को बकाया वेतन भुगतान और कंपनी को बचाने के लिए तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपेंगी।

मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से बताया : बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की शक्तियां निलंबित।
HighLights
मंत्रालय ने एचईसी के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप से किया इनकार।
एनसीएलटी ने निदेशक मंडल की शक्तियां निलंबित कर आईआरपी को सौंपी।
एचईसी यूनियनें बकाया वेतन और विलय हेतु पीएम को ज्ञापन सौंपेंगी।
जागरण संवाददाता, रांची। हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के मौजूदा संकट और कंपनी के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग पर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि एचईसी एक स्वतंत्र कानूनी इकाई है।
फिलहाल कंपनी का प्रबंधन एवं संचालन राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के आदेश के तहत नियुक्त अंतरिम समाधान पेशेवर (आइआरपी) के अधीन है। ऐसे में मंत्रालय ने कंपनी के आंतरिक मामलों में सीधे हस्तक्षेप करने से अपनी स्थिति अलग रखी है।
इस संबंध में भारी उद्योग मंत्रालय के अवर सचिव कन्हैया लाल ने 23 नवंबर को पत्र जारी किया है। यह पत्र हटिया मजदूर संघ के अध्यक्ष लाल देव सिंह को भेजा गया है। पत्र में 12 नवंबर को मंत्रालय को भेजे गए उनके ई-मेल का उल्लेख करते हुए हस्तक्षेप की मांग पर जवाब दिया गया है।
मंत्रालय ने अपने जवाब में बताया है कि एनसीएलटी की कोलकाता पीठ ने 6 नवंबर को एचईसी के संबंध में आदेश पारित किया था। इसके तहत कंपनी के निदेशक मंडल की शक्तियां निलंबित कर दी गई हैं। साथ ही कंपनी के प्रबंधन और कामकाज की जिम्मेदारी एस. गोपालकृष्णन को सौंप दी गई है, जिन्हें एचईसी के लिए अंतरिम समाधान पेशेवर (आइआरपी) नियुक्त किया गया है।
कामगारों की बढ़ी चिंता
मंत्रालय के इस जवाब से एचईसी के कामगारों और कर्मचारियों की चिंता बढ़ सकती है। कंपनी पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रही है। कर्मचारियों और अधिकारियों का कई महीनों का वेतन बकाया है।
ऐसे में प्रबंधन की शक्तियां निलंबित होने और आइआरपी के हाथों में कंपनी की कमान जाने के बाद कर्मचारियों को अब वेतन भुगतान और कंपनी के भविष्य को लेकर समाधान प्रक्रिया का इंतजार है।
प्रधानमंत्री को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपेंगे एचईसी के सभी यूनियन
हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) को आर्थिक संकट से उबारने और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सभी श्रमिक यूनियनों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।
गुरुवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष कामगारों की सभा राम कुमार नायक की अध्यक्षता में हुई। इसमें एचईसी को बचाने के लिए सामूहिक रूप से आंदोलन तेज करने पर जोर दिया गया। सभा में हरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी यूनियनों की ओर से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव रखा। इसमें तीन प्रमुख मांगें शामिल की गईं।
पहली, एचईसी को किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं किया जाए। दूसरी, एचईसी का भेल (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) में विलय करने की अनुमति दी जाए। तीसरी, कर्मचारियों और अधिकारियों का 32 से 36 महीने का बकाया वेतन अविलंब भुगतान किया जाए।
इस दौरान रमाशंकर प्रसाद ने रक्षा राज्य मंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और राज्यपाल से हुई मुलाकातों का ब्योरा सभा के समक्ष रखा। लंबी छुट्टी के बाद लौटे शनि सिंह ने कर्मचारियों से जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अंदर-बाहर के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट संघर्ष करने की अपील की।
सभा में लीलाधर सिंह, आरके शाही, गिरीश कुमार चौहान, भोला साव, एसजे मुखर्जी, सुधीर कुमार मिश्र और राममोहन बैठा सहित अन्य कामगार उपस्थित थे। यह जानकारी हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।