रांची: चीन से आयात होने वाली मशीनों का विकल्प बन सकता है एचईसी, केंद्र की योजना से जगी नई आस
केंद्र सरकार की 11 हजार करोड़ की योजना से एचईसी को भारी निर्माण मशीनरी के घरेलू उत्पादन में नई उम्मीद जगी है। चीन से आयात पर निर्भरता कम करने में एचईसी अपनी विशेषज्ञता और आधारभूत ढांचे के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड (एचईसी)। (फोटो सोर्स- जागरण)
HighLights
केंद्र की 11 हजार करोड़ की योजना से एचईसी को लाभ।
एचईसी का भारी मशीनरी निर्माण में छह दशक का अनुभव।
अमित सिंह, रांची। चीन से आयात होने वाली भारी निर्माण मशीनरी पर भारत की निर्भरता कम करने की केंद्र सरकार की पहल हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने 25 नवंबर को निर्माण एवं आधारभूत संरचना उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।
इसका उद्देश्य अत्याधुनिक मशीनों और उनके कलपुर्जों का देश में उत्पादन बढ़ाना तथा आयात पर निर्भरता घटाना है। भारी मशीनरी निर्माण में छह दशक से अधिक का अनुभव रखने वाला एचईसी इस अभियान का महत्वपूर्ण भागीदार बन सकता है। कंपनी के पास उत्पादन इकाइयां, तकनीकी अनुभव और बड़े आकार के उपकरण बनाने का आधारभूत ढांचा मौजूद है।
भारी मशीनरी निर्माण का पुराना अनुभव बनेगा ताकत
1958 में स्थापित एचईसी को कभी मदर आफ इंडियन इंडस्ट्री कहा जाता था। कंपनी ने खनन, इस्पात, रेलवे, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक क्षेत्रों के लिए भारी उपकरण बनाए हैं। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एचईसी अब तक इस्पात क्षेत्र को 5.50 लाख टन से अधिक उपकरणों की आपूर्ति कर चुका है।
कंपनी ने 580 से अधिक एक्सकैवेटर, 24 घनमीटर क्षमता वाली 12 ड्रैगलाइन, 10 से अधिक भारी गाइरेटरी क्रशर, 300 से अधिक क्रेन और 900 से अधिक मशीन टूल्स का निर्माण किया है। बोकारो, भिलाई और विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्रों की स्थापना और विस्तार में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
खनन से लेकर इस्पात संयंत्रों तक विशेषज्ञता
एचईसी ने 1966 में एक्सकैवेटर निर्माण शुरू किया था। कंपनी ने 4.6, 5 और 10 घनमीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रिक रोप शावेल और एक्सकैवेटर बनाए। 24 घनमीटर बकेट क्षमता और 96 मीटर बूम वाली वाकिंग ड्रैगलाइन इसकी बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। माइन विंडर, ओवरबर्डन ड्रिल और खनन मशीनों के कलपुर्जों का निर्माण भी कंपनी करती रही है।
क्रेन निर्माण में भी कंपनी की रही है पहचान
क्रेन निर्माण में भी एचईसी की पहचान रही है। इस्पात संयंत्रों के लिए टारपीडो लैडल कार, ट्रांसफर कार और स्लैब डिस्पैच कार जैसे विशेष उपकरण बनाए गए। ब्लास्ट फर्नेस, कोक ओवन, रोलिंग मिल, हापर, स्लैग पाट और फोर्ज्ड रोल के अलावा गाइरेटरी, कोन, जा और हैमर क्रशर का निर्माण इसकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। डीप होल बोरिंग, हेवी ड्यूटी लेथ, रेडियल ड्रिलिंग और प्लानो मिलिंग मशीनें भी कंपनी बना चुकी है।
रक्षा और अंतरिक्ष परियोजनाओं में योगदान
एचईसी ने इसरो के लिए मोबाइल लान्चिंग पेडेस्टल और लान्च संबंधी भारी उपकरणों का निर्माण किया है। वीईसीसी के लिए साइक्लोट्रान मैग्नेट पोल तथा रक्षा क्षेत्र के लिए विशेष फोर्जिंग और उच्च क्षमता वाले स्टील उत्पाद भी तैयार किए हैं। इससे कंपनी की जटिल औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप उपकरण बनाने की क्षमता सामने आती है।
केंद्र की योजना में सात श्रेणियों के उपकरण
नई केंद्रीय योजना में टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम), आफ-हाईवे ट्रक, एक्सकैवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं। इनके अलावा इंजन, ट्रांसमिशन, हाइड्रोलिक सिस्टम, अंडरकैरिज और ड्राइव सिस्टम जैसे पांच महत्वपूर्ण कलपुर्जों के घरेलू उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इनमें एक्सकैवेटर, क्रेन, ड्रिलिंग और खनन उपकरणों के निर्माण में एचईसी का अनुभव उपयोगी हो सकता है। भारी कास्टिंग, फोर्जिंग, शाफ्ट और मशीन हाउसिंग बनाने की क्षमता से कलपुर्जा उत्पादन में भी योगदान संभव है।
दो लाख करोड़ से अधिक का हो सकता है बाजार
भारत में निर्माण एवं आधारभूत संरचना उपकरणों का बाजार 2024-25 में करीब 97,500 करोड़ रुपये का था। अनुमान है कि 2029-30 तक यह बढ़कर 2.28 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ाने की केंद्रीय पहल एचईसी के लिए बड़ा अवसर बन सकती है।
विशेषज्ञ की बातचीत
उत्पादन आधारित योजना से एचईसी को जोड़ने की जरूरत एचईसी की तीनों उत्पादन इकाइयों का आधुनिकीकरण, आधुनिक सीएनसी मशीनों की स्थापना और कार्यशील पूंजी की उपलब्धता जरूरी है। केंद्र सरकार कंपनी को नई उत्पादन योजना से जोड़कर इसकी पुरानी विशेषज्ञता का लाभ उठा सकती है। इससे एचईसी दोबारा भारी इंजीनियरिंग क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
- राणा एचक्रवर्ती, पूर्व निदेशक मार्केटिंग, एचईसी
एचईसी द्वारा निर्मित प्रमुख उपकरण
खनन मशीनरी
- 4.6, 5 और 10 घनमीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रिक रोप शावेल/एक्सकैवेटर।
- 24 घनमीटर क्षमता वाली ड्रैगलाइन, माइन विंडर और खनन उपकरणों के कलपुर्जे।
- उपलब्धि : 580 से अधिक एक्सकैवेटर और 12 ड्रैगलाइन की आपूर्ति।
क्रेन एवं लिफ्टिंग उपकरण
- इलेक्ट्रिक ओवरहेड ट्रैवलिंग (ईओटी) क्रेन, टारपीडो लैडल कार, ट्रांसफर कार और स्लैब डिस्पैच कार।
- उपलब्धि : 300 से अधिक क्रेन का निर्माण।
इस्पात संयंत्रों की मशीनरी
- ब्लास्ट फर्नेस, रोलिंग मिल, कोक ओवन, लार्ज बेल, हापर, स्लैग पाट और फोर्ज्ड रोल।
- उपलब्धि : इस्पात क्षेत्र को 5.50 लाख टन से अधिक उपकरणों की आपूर्ति।
क्रशर एवं खनिज प्रसंस्करण मशीनरी
- गाइरेटरी, कोन, जा, हैमर और फोर रोल क्रशर।
- उपलब्धि : 1500 टन प्रति घंटे क्षमता वाले 10 से अधिक हेवी ड्यूटी गाइरेटरी क्रशर।
भारी मशीन टूल्स
- डीप होल बोरिंग, हेवी ड्यूटी लेथ, रेडियल ड्रिलिंग, रोल ग्राइंडिंग और प्लानो मिलिंग मशीनें।
- उपलब्धि : 900 से अधिक मशीन टूल्स की आपूर्ति।
कास्टिंग एवं फोर्जिंग
- भारी औद्योगिक कास्टिंग, विशेष फोर्जिंग, फोर्ज्ड रोल और रणनीतिक क्षेत्र के विशेष फोर्जिंग।
अंतरिक्ष एवं रक्षा उपकरण
- इसरो के लिए मोबाइल लान्चिंग पेडेस्टल, हैमर हेड टावर क्रेन और लान्च पैड स्लाइडिंग डोर।
- वीईसीसी के लिए साइक्लोट्रान मैग्नेट पोल।
- नौसेना के लिए डीएमआर-249ए और डीएमआर-249बी विशेष स्टील तथा परमाणु पनडुब्बियों के लिए विशेष फोर्जिंग।
कंपनी की निर्माण क्षमता : एक नजर
उपकरण - उपलब्धि
एक्सकैवेटर - 580 से अधिक
ड्रैगलाइन - 12
गाइरेटरी क्रशर - 10 से अधिक
क्रेन - 300 से अधिक
मशीन टूल्स - 900 से अधिक
इस्पात उद्योग के उपकरण - 5.50 लाख टन से अधिक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।