झारखंड में मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड होंगे 6 जिलों के सदर अस्पताल, PPP मोड पर होंगे संचालित
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार और सांसद विजय कुमार हांसदा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भेंट की। इस दौरान झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने पर चर्चा हुई। इस दौरान छह जिलों के सदर अस्पतालों को पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर भी बात की गई।

राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार तथा सांसद विजय कुमार हांसदा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान तीनों के बीच झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि चर्चा के दौरान विशेष रूप से राज्य के छह जिलों के सदर अस्पतालों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड के अंतर्गत मेडिकल कॉलेजों में अपग्रेड करने के प्रस्ताव पर गंभीर विमर्श हुआ।
उन्होंने परियोजनाओं के लिए शीघ्र स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह केंद्रीय मंत्री से किया, जिससे झारखंड में तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो सके और राज्य के नागरिकों को सुलभ एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके।
इसपर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सुदिव्य कुमार ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई उंचाइयों को छूएगा और राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
इन जिलों के सदर अस्पताल होंगे अपग्रेड
- धनबाद
- देवघर
- खूंटी
- गिरिडीह
- जामताड़ा
- पूर्वी सिंहभूम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।