Jharkhand: कृष्ण जन्माष्टमी पर राज्यपाल करेंगे दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
रांची में श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति अल्बर्ट एक्का चौक पर 16 और 17 अगस्त को जन्माष्टमी महोत्सव मनाएगी। राज्यपाल दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में झांकियां नृत्य नाटिका और कावड़ यात्रा शामिल होंगी। बच्चों के लिए श्री कृष्ण झांकी स्वरूप प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

जागरण संवाददाता, रांची। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति रांची की ओर से अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 16 व 17 को धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्यपाल संतोष गंगवार 17 को पांच बजे दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।
गुरुवार को समिति के संरक्षक अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा, संयोजक कुणाल जमानी व मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत ने बताया कि समिति द्वारा जन्माष्टमी महोत्सव 2009 में प्रथम बार प्रारंभ किया गया था। 15 वर्ष से जन्माष्टमी महोत्सव मनाते आ रहे हैं।
दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन 16 अगस्त को चार बजे भव्य झांकी का उद्घाटन रांची की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं सहित संस्थाओ के अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारी करेंगे। इस अवसर पर देश भक्ति की सजीव झांकी की प्रस्तुति होगी।
65 से भी अधिक कोलकाता के कलाकार नृत्य नाटिका पेश करेंगे। समुद्र मंथन में प्राप्त अमृत, महाकुंभ प्रयागराज के संगम के दृश्य पर ऑपरेशन सिंदूर की झांकी दिखेगी। साथ ही श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों के साथ बाल गोपाल बच्चे और बच्चियां जिनकी उम्र 10 वर्ष तक हो वे श्री कृष्ण झांकी स्वरूप प्रतियोगिता में भी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चे आकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इस अवसर पर पुरस्कार वितरण भी होगा। चार बड़े आकार की एलईडी स्क्रीन पर श्रद्धालु कार्यक्रम देखेंगे। महिलाओं और बुजुर्गों के बैठने के लिए कुर्सी की भी व्यवस्था रखी गई है।
वहीं, 17 अगस्त को तीन बजे श्री माहेश्वरी सभा, रांची द्वारा बाल राधा कृष्ण गोविंदा कावड़ यात्रा का भव्य आयोजन होगा। पांच वर्ष से 10 वर्ष तक के बाल कावड़िया शामिल होकर शहीद स्मारक शहीद चौक, दुर्गाबाड़ी, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति के मंच पर आएंगे और भगवान शिव को जलाभिषेक करेंगे।
चार बजे से नमो दही हांडी फोड़ो प्रतियोगिता सह भजन संध्या सहित नृत्य नाटिका का मंचन होगा। प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से संरक्षक अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महासचिव रविन्द्र मोदी, संयोजक कुणाल आजमानी,संजय जायसवाल, राज वर्मा, ललन श्रीवास्तव, मनोज तिवारी, भीषम सिंह, नीरज चौधरी, सतीश सिन्हा आदि मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।