Ganesh Chaturthi: रांची में गणेश उत्सव की धूम, गणपति की पूजा के लिए पंडालों में उमड़े श्रद्धालु; देखें तस्वीरें
Ganesh Chaturthi Jharkhand Hindi News रांची में गणेश पूजा पूरे धूमधाम से मनाई जा रही है। रांची के सांसद संजय सेठ ने भी अपने आवास पर गणेश पूजा की। श्री गणेश पूजा समिति काली मंदिर रोड डोरंडा के पूजा पंडाल का आज विधिवत उद्घाटन किया गया।

रांची, जासं। गणेश उत्सव आज से प्रारंभ हो गया है। अगले दस दिनों तक भगवान शिव के पुत्र विघ्नहर्ता की पूजा-अर्चना होगी। रांची में भी गणेश पूजा पूरे धूमधाम से मनाई जा रही है। श्री गणेश पूजा समिति काली मंदिर रोड डोरंडा के पूजा पंडाल का आज विधिवत उद्घाटन किया गया। पूजा अर्चना पुरोहित दिनेश मुखर्जी ने संपन्न कराई।
इसमें यजमान के रूप में अमित गुप्ता, बिट्टू घोष, रंतु उरांव, सुशील कुमार सहपत्नी सम्मिलित हुए। पूजा विधि विधान के साथ कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए की गई। पूजा आज से लेकर 12 सितंबर तक होगी एवं 11 सितंबर को दिन के 11:00 बजे महाभंडारे का आयोजन समिति के द्वारा रखा गया है।
इधर, रांची के सांसद संजय सेठ ने भी गणेश पूजा की। संजय सेठ ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने आवास में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर सपरिवार पूजन अनुष्ठान किया। इस पूजन अनुष्ठान में संजय सेठ के परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
पूजन के बाद सेठ ने कहा कि भगवान गणेश का यह उत्सव 19 सितंबर तक मनाया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः और सायंकाल में मंगल आरती भी होगी। उन्होंने बताया कि विगत 10 वर्षों से विश्व कल्याण की कामना को लेकर वे अपने आवास पर गणपति महाराज का आह्वान और पूजन करते रहे हैं। कोरोना संक्रमण के कारण ज्यादा भीड़ नहीं हो, इसका ध्यान रखा गया है।
भगवान गणेश से प्रार्थना की है कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से संपूर्ण विश्व को जल्द से जल्द मुक्ति दिलाएं, ताकि हम सब पुराने स्वरूप में अपने पर्व त्यौहार मना सकें। सेठ ने रांची लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए सबके कल्याण की कामना की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।