Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एअर इंडिया एक्सप्रेस की रांची-दिल्ली फ्लाइट रद, यात्रियों ने किया हंगामा; सामने आई ये बड़ी वजह

    Updated: Sun, 20 Jul 2025 11:51 PM (IST)

    रांची एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट रद हो गई। विमान में खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी हुई जिसमें संसद सत्र में भाग लेने जा रहे सांसद भी शामिल थे। कुछ यात्रियों को कोलकाता के रास्ते दिल्ली भेजा गया जबकि अन्य को दिल्ली से पार्ट्स आने का इंतजार है।

    Hero Image
    एअर इंडिया एक्सप्रेस की रांची-दिल्ली विमान रद। (जागरण फोटो)

    जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एअरपोर्ट पर रविवार को तकनीकी खराबी के कारण एअर इंडिया एक्सप्रेस के रांची-दिल्ली विमान (आईएक्स 1200) को रद कर दिया गया।

    संबंधित विमान से झारखंड के चार सांसदों को सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में भाग लेने के लिए दिल्ली जाना था। राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने बताया कि एअर इंडिया एक्सप्रेस का दिल्ली-रांची विमान (आईएक्स 1199) अपने निर्धारित समय शाम 04:52 बजे दिल्ली से रांची पहुंच चुका था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तकनीकी खराबी की वजह से फ्लाइट रद

    शाम छह बजे एअर इंडिया एक्सप्रेस के रांची-दिल्ली विमान (आईएक्स 1200) को उड़ान भरना था। विमान में 180 यात्री व छह क्रू मेंबर सवार थे। जांच के दौरान विमान में कुछ तकनीकी खराबी पायी गई।इसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस एअरलाइंस की ओर से बताया गया कि विमान विलंब से उड़ान भरेगा।

    लगभग डेढ़ घंटे तक विमान में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। इसके बाद विमान को ग्राउंडेड घोषित कर दिया गया। विमान के रद होने की सूचना मिलते ही सभी यात्री आक्रोशित हो गए और एअरलाइंस के अधिकारियों से दूसरे विमान की व्यवस्था करने की मांग करने लगे।

    कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें आवश्यक कार्य से दिल्ली जाना था। उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस एअरलाइंस के अधिकारियों ने कुछ यात्रियों को रांची से कोलकाता के रास्ते दिल्ली जाने का विकल्प दिया।

    इन सांसदों को भी जाना था दिल्ली

    कुछ यात्रियों के साथ सांसद आदित्य साहू व प्रदीप वर्मा रांची से कोलकाता के लिए रवाना हुए। कोलकाता पहुंचने के बाद उन्होंने होटल में रात गुजारी। बताया कि सोमवार की सुबह कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

    दिल्ली से मंगाए गए हैं पार्ट्स

    वहीं, अन्य दो सांसद कालीचरण सिंह मुंडा व विद्युत वरण महतो सोमवार की सुबह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। एअर इंडिया एक्सप्रेस एअरलाइंस के अधिकारी ने बताया कि विमान में आई तकनीकी खराबी दुरुस्त नहीं हो पाई। दिल्ली से कुछ पार्ट्स मंगाए गए हैं। विमान में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने के बाद डीजीसीए से स्वीकृति मिलने के बाद ही संबंधित विमान को दिल्ली भेजा जाएगा।

    बिरसा मुंडा एअरपोर्ट के निदेशक आरआर मौर्या ने बताया कि रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (आईएक्स 1200) तकनीकी खराबी के कारण रद कर दी गई।

    कुछ यात्रियों को दूसरी विमान में समायोजित किया गया, जबकि कुछ यात्रियों ने अपनी टिकट रद करा ली। कुछ यात्रियों के टिकट सोमवार के लिए पुनर्निर्धारित की गई है। वहीं, दूसरी ओर रांची-दिल्ली विमान (आईएक्स 1117) ने दो घंटे विलंब से बिरसा मुंडा एअरपोर्ट से उड़ान भरी।