Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ranchi Durga Puja: कहीं तिरुपति बालाजी मंदिर तो कहीं पुस्तकों का भंडार, इस बार अनोखी होगी रांची में पूजा पंडालों की सजावट

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 08:22 AM (IST)

    रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। इस बार पंडाल आकर्षक थीम और लाइटिंग से सजाये जा रहे हैं। कहीं तिरुपति बालाजी मंदिर की झलक है तो कहीं किताबों से पंडाल बन रहा है। कोकर में एलईडी लाइटों से पंडाल जगमगाएगा। इस बार पंडालों में संस्कृति और आधुनिकता का संगम दिखेगा जो दर्शकों को खूब आकर्षित करेगा।

    Hero Image
    50 लाख की लागत से बनेगा तिरुपति बालाजी मंदिर पर पंडाल, दक्षिण भारतीय संस्कृति की दिखेगी झलक

    जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार दुर्गा पूजा पंडालों की विशेषता आकर्षक थीम और भव्य लाइटिंग है। अलग-अलग समितियां लाखों की लागत से पंडाल सजा रही हैं।

    पंडालों को आकर्षक थीम पर सजाया जा रहा है, जिसमे रांची रेलवे स्टेशन परिसर में 50 लाख की लागत से तिरुपति बालाजी मंदिर की झलक, 35 लाख की लागत से अरगोड़ा में 21 हजार काल्पनिक पुस्तकों से भव्य पंडाल और बांध गाड़ी में रेशम के धागों और अमर शहीदों की तस्वीरों से अनेकता में एकता थीम पर बनाया जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं कोकर में 18 लाख की लागत से पांच लाख एलईडी लाइट की रंग बिरंगी रोशनी से पंडाल जगमगाने वाला है जो लोगों को थ्री डी जैसा अनुभव देगा 30 से 50 लाख के बजट में इन पंडालों को भव्य रूप दिया जा रहा है।

    बंगाल व रांची के कारीगर इन पंडालों को तैयार कर रहे हैं। कारीगर दिन-रात मूर्तियों को तैयार करने में जुटे हैं। इस बार श्रद्धालु पंडालों में संस्कृति, साहित्य और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखेंगे।

    दक्षिण भारतीय संस्कृति की दिखेगी झलक

    इस साल भक्तों को दक्षिण भारत के तिरुपति बालाजी मंदिर के थीम पर बना पंडाल आकर्षण का केंद्र होगा। रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति द्वारा 50 लाख की लागत से 70 फीट ऊंचा व 50 फीट चौड़ा पंडाल, उसकी सजावट और मूर्ति का स्वरूप, दक्षिण भारतीय शैली पर आधारित होगी।

    माता दुर्गा के साथ साथ भक्त प्रभु वेंकटेश, हनुमान, गणपति, लक्ष्मण, माता सीता और भगवान विष्णु के सभी अवतारों के दर्शन भी करेंगे। पंडाल के बाहर भगवान हनुमान की 16 फीट की प्रतिमा भी होगी और हनुमान चालीसा से पूरा पंडाल गूंजने वाला है।

    मां दुर्गा की मूर्ति से भक्तों को अनोखा अनुभव होगा। माता की मूर्ति 16 फीट की होगी, जो आसमान में महिषासुर का वध करते हुए नजर आएंगी। पहली बार रांची में दक्षिण भारत के मंदिर का पंडाल बनने जा रहा है।

    समिति के अध्यक्ष मुनचुन राय ने बताया कि 50 लाख की लागत से रांची वासियों को माता के भव्य रूप का दर्शन होगा। दक्षिण भारतीय शैली से पूरे पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भक्तों को अद्भुत कारीगरी देखने को मिलेगी।

    21 हजार काल्पनिक पुस्तकों से बनेगा पंडाल

    श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति द्वारा 21 हजार काल्पनिक पुस्तकों से पंडाल बनाया जा रहा है। 35 लाख के बजट में 50 फुट लंबे व 40 फुट चौड़े पंडाल का निर्माण कोलकाता के कारीगर चंदन जेना व उनके साथी कर रहे है।

    पंडाल के अंदर दीवारों पर लगे किताबों में महाभारत और रामायण के श्लोक संस्कृत में लिखे होंगे, जो दोनों ग्रंथों का वर्णन होगा। 15 फीट माता की डेढ़ लाख की प्रतिमा मूर्तिकार जगदीश पल द्वारा विशेष रूप से बनाया जा रहा है।

    अरगोड़ा बाईपास रोड से पंडाल तक के रास्तों को जगमाते लाइटों से सजाया जाएगा। जिस पर लगभग सात लाख रुपए खर्च करने का अनुमान है। पंडाल के सामने किताबों का स्टाल लगेगा जहां से लोग अपनी रुचि की किताब खरीद सकेंगे।

    समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार साहू ने बताया कि नई पीढ़ी किताबों से दूर और ऑनलाइन के समीप हो गई है, हमारा उद्देश्य उन्हें किताबों की तरफ आकर्षित करना है। पंडाल के बाहर एक वृक्ष के नीचे, हाथों में किताब लिए साधु होंगे जिनके इर्द गिर्द चार हिरन होगा जो इस वर्ष अरगोड़ा पंडाल का आकर्षण का केंद्र बनेगा।

    अनेकता में एकता थीम पर बनेगा पंडाल, शहीदों की तस्वीर शामिल

    बांध गाड़ी दीपाटोली में पंडाल रेशम के धागे से 110 फीट लंबा, 80 फीट चौड़ा व 15 फीट ऊंचा तैयार किया जा रहा है। श्री श्री बांधगाड़ी दीपाटोली दुर्गा पूजा समिति द्वारा 35 लाख की लागत से बन रहा पंडाल अनेकता में एकता का संदेश देता दिखेगा, जिसमे सर्वधर्म संपन्न की झलक देखने को मिलेगी।

    द्वार पर शहीदों की तस्वीर लगी होगी। भगवान गणेश, सरस्वती, कार्तिकेय, माता लक्ष्मी के साथ मां दुर्गा विराजेंगी। पंडाल को बंगाल के कारीगर तैयार कर रहे हैं। यहां कई तरह की रंगीनियों के बीच भव्य पंडाल का दर्शन मिलेगा।

    साथ ही लाइटिंग का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। चंदननगर से कलाकार द्वारा रंग बिरंगे बल्बों से लाइटिंग कर सजावट की जाएगी, जिस पर लगभग 14 से 15 लाख रुपये खर्च होंगे। 15 फीट ऊंची मां दुर्गा की मूर्ति रांची के मूर्तिकार अजय पाल द्वारा बनाई जा रही है।

    समिति के सदस्य रौशन कुमार ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल में आकर्षक लाइटिंग से लेकर रंग-बिरंगी लाइट शो भी होगी। भव्य पंडाल और मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा को देखने दूर-दराज से लोग पहुंचेंगे। बच्चों के लिए झूला एवं खाने का स्टाल भी होगा।

    पांच लाख एलईडी लाइट से चमकेगा पंडाल

    कोकर दुर्गा पूजा समिति द्वारा कोकर में पूजा पंडाल को काल्पनिक भव्य मंदिर का रूप दिया जा रहा है। जो 80 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा है। इस वर्ष पंडाल की सजावट पांच लाख एलईडी लाइट से किया जा रहा है जो लोगों को थ्री डी जैसा अनुभव देगा।

    पंडाल के अंदर छत व दीवारों पर सिर्फ और सिर्फ एलईडी लाइट दिखने वाली है। इन लाइटों के बीच भक्त माता के दर्शन करेंगे। 18 लाख की लागत से बनने वाला यह पंडाल लोगो को भव्य लाइटिंग से आनंदित करने वाला है। 14 फीट की माता की मूर्ति बनाई जा रही है।

    comedy show banner
    comedy show banner