Durga Puja 2022: RSS की सभी शाखाओं में मनाया जाएगा विजयादशमी उत्सव, 97वीं वर्षगांठ पर नागपुर में मुख्य कार्यक्रम
Durga Puja 2022 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छह प्रमुख उत्सवों में से एक विजयादशमी उत्सव इस बार संघ की सभी शाखाओं पर मनाया जाएगा। विजयादशमी के दिन ही संघ की स्थापना हुई थी। इस बार संघ अपनी स्थापना की 97वीं वर्षगांठ मनाएगा।

रांची, [संजय कुमार]। Durga Puja 2022 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के छह प्रमुख उत्सवों में से एक विजयादशमी उत्सव इस बार संघ की सभी शाखाओं पर मनाया जाएगा। इस दौरान अस्त्र-शस्त्र पूजन के साथ ही शक्ति की आराधना की जाएगी। कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष बाद हो रहे इस उत्सव को लेकर स्वयंसेवकों में ज्यादा उत्साह है। विजयादशमी के दिन ही 1925 ई. में नागपुर में संघ की स्थापना हुई थी। इसलिए विजयादशमी उत्सव के साथ ही स्थापना दिवस समारोह भी शाखाओं पर एक साथ मनाया जाता है।
सरसंघचालक डा. मोहन भागवत करेंगे संबोधित
इस बार संघ अपनी स्थापना की 97वीं वर्षगांठ मनाएगा। इसका मुख्य कार्यक्रम संघ मुख्यालय नागपुर में होता है, जहां सरसंघचालक अस्त्र-शस्त्र पूजन के साथ ही स्वयंसेवकों को संबोधित करते हैं। रेशिम बाग स्थित संघ कार्यालय के मैदान में पांच अक्टूबर की सुबह 7.30 बजे से आयोजित कार्यक्रम में सरसंघचालक डा. मोहन भागवत वहां उपस्थित स्वयंसेवकों के साथ ही इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग माध्यमों और कई न्यूज चैनलों द्वारा पूरे देश को संबोधित करेंगे। उस दिन संघ प्रमुख द्वारा दिए गए संबोधन से वर्ष भर काम करने के लिए स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन मिलता है। सरकार के साथ-साथ विश्व के प्रमुख देशों के राजनेताओं को भी उनके संबोधन का इंतजार रहता है।
नगरों व मंडलों में निकाला जाएगा पथ संचलन
विजयादशमी उत्सव के अवसर पर इस बार झारखंड सहित सभी प्रांतों के नगरों और मंडलों (संघ कार्य की दृष्टि से 10 से 12 गांवों को मिलाकर एक मंडल बनाया गया है) में पथ संचलन निकालने की तैयारी की गई है। कोरोना के कारण पिछले दो वर्ष पथ संचलन देश के अधिकतर स्थानों पर नहीं निकाला गया था। पूर्ण गणवेश में निकलने वाले इस पथ संचलन को लेकर स्वयंसेवकों ने पूरी तैयारी कर ली है। घोष वादन की धुन पर 45 मिनट के संचलन में स्वयंसेवकों को अपनी क्षमता समाज को दिखाने का मौका मिलता है।
विजयादशमी उत्सव के अवसर पर झारखंड में निकलेगा पथ संचलन
झारखंड के प्रांत कार्यवाह संजय कुमार ने कहा कि इस बार विजयादशमी उत्सव के अवसर पर राज्य में अधिक से अधिक स्थानों पर पथ संचलन निकालने का निर्णय लिया गया है। सभी जिलों में लोग स्थानीय परिस्थिति के अनुसार तिथि और स्थान तय कर रहे हैं। ज्यादा स्थानों पर दो अक्टूबर को रविवार होने के कारण पथ संचलन निकालने को तय किया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।