प्रकृति की खूबसूरती देखने पहुंच रहे लोग, रांची का दशम फॉल पर्यटकों से गुलजार Ranchi News
Dassam Falls Ranchi Jharkhand Tourism बरसात के मौसम को देखते हुए व्यू प्वाइंट से लोगों को घाटी में नीचे उतरने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद लोग दूसरी तरफ से चट्टानों पर चढ़कर झरने को नजदीक से निहारते नजर आए।
रांची, जासं। कोरोना महामारी के मामलों में कमी आने के बाद लोग एक बार फिर मस्ती के मूड में हैं। लॉकडाउन के बावजूद रविवार को विभिन्न पर्यटन स्थलों पर लोग परिवार के साथ पहुंचे। दशम फॉल में लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही। लोग परिवार के साथ प्रकृति की खूबसूरती को निहारते नजर आए। बरसात के मौसम को देखते हुए व्यू प्वाइंट से लोगों को घाटी में नीचे उतरने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद लोग दूसरी तरफ से चट्टानों पर चढ़कर झरने को नजदीक से निहारते नजर आए।
कई लोग अपने साथ खाने पीने का सामान भी ले गए थे। बारिश के मौसम में झरने की खूबसूरती बेहद आकर्षक दिख रही है। गर्मी के मौसम की अपेक्षा अभी बरसात में पानी का प्रवाह काफी तेज है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नियमों में छूट मिलने के बाद से लोगों के आने-जाने का सिलसिला बढ़ा है। लोग दोपहिया और चार पहिया वाहनों से पर्यटन स्थलों तक पहुंच रहे हैं। साइकिलिंग के शौकीन लोग भी समूह में दिखाई दिए।
लगाए गए 51 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
दैनिक जागरण की ओर से चलाई जा रही मुहिम मिशन ऑक्सीजन को समाज के विभिन्न वर्गों का लगातार सहयोग प्राप्त हो रहा है। रविवार को राजधानी रांची के सीएमपीडीआइ कांके रोड परिसर में सामाजिक संस्था टीम ग्रीन एवं स्नेह फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से कोयला मजदूर यूनियन के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम के तहत 51 वृक्ष लगाकर झारखंड के वीर क्रांतिकारियों को याद किया गया। वृक्षारोपण कर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, नीलांबर पीतांबर, सिद्धू कान्हो, अल्बर्ट एक्का सहित झारखंड के अन्य वीर शहीदों के नाम पर वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर सदस्यों ने परिसर में पीपल, नीम, गुलमोहर, आँवला, आम, जामुन आदि कई पेड़ लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।