JPSC: झारखंड में सर्वाधिक वित्त सेवा के अधिकारियों की जाएगी नौकरी... छठी सिविल सेवा संशोधित परिणाम से हड़कंप
JPSC NEWS झारखंड वित्त सेवा के 27 अधिकारियों के नाम मेधा सूची से कटे। इसके बाद झारखंड प्रशासनिक एवं अन्य सेवाओं के अधिकारियों की जाएगी नौकरी। मामला जेपीएससी की छठी सिविल सेवा परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी करने का।

रांची, राज्य ब्यूरो। JPSC छठी सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किए जाने से सबसे अधिक वित्त सेवा के अधिकारियों की नौकरी जाएगी। इन सेवा के 27 अधिकारियों के नाम संशोधित मेधा सूची से कट गए हैं। इसके बाद झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नौकरी जानी तय है।
इन विभागों के इतने लोगों की जाएगी नौकरी
अभी तक जो बातें सामने आई है उसके अनुसार, झारखंड वित्त सेवा के 27, झारखंड प्रशासनिक सेवा के 15, झारखंड शिक्षा सेवा के आठ, झारखंड सहकारिता सेवा के दो, योजना सेवा के चार, सामाजिक सुरक्षा सेवा के एक तथा सूचना सेवा के तीन अधिकारियों की नौकरी जा सकती है। पूर्व में नियुक्त इतने अधिकारियों की जगह नए अभ्यर्थियों का चयन अंतिम परिणाम में किया गया है। बताया जाता है कि कई अभ्यर्थियों का कैडर भी बदल गया है।
संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी हटाने की कार्रवाई
झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा संशोधित अनुशंसा भेजे जाने के बाद विभिन्न सेवाओं से संबंधित विभागों द्वारा सबसे पहले उन अधिकारियों की नियुक्ति रद की जाएगी जिनका नाम संशोधित मेधा सूची में नहीं है। साथ ही उन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी जिनके नाम संशोधित मेधा सूची में बाद में जुड़े। यह कार्रवाई तय है, क्योंकि कार्मिक विभाग के निर्देश पर ही झारखंड लोक सेवा आयोग ने संशोधित परिणाम जारी किया।
चार लाइन की सूचना में भी टंकण भूल
झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा संशोधित परिणाम जारी करने को लेकर जारी चार लाइन की सूचना में भी त्रुटि है। आयोग ने इसे टंकण भूल बताया है। दरअसल, शुक्रवार को जारी सूचना में कहा गया कि झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) परीक्षा का संशोधित परिणाम प्रकाशित किया गया है, जबकि यह अंतिम परिणाम था। इसमें मुख्य परीक्षा के साथ-साथ साक्षात्कार के भी अंक होते हैं। आयोग ने शनिवार को इसमें संशोधन कर अंतिम परिणाम बताया। आयोग के अनुसार, एक दिन पूर्व जारी सूचना मेंं मुख्य (लिखित) परीक्षा का संशोधित परिणाम टंकण भूल था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।