झारखंड के सीनियर कांग्रेस नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष ने दिया नया टास्क, करना होगा ये बड़ा काम
रांची में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को व्यवस्थित करने के लिए नेताओं को डेटा सहेजने का काम सौंपा। निचले स्तर तक समन्वय और सूचना प्रबंधन के लिए पांच सेक्शन बनाए जाएंगे। 10 जुलाई को विधायकों की बैठक होगी जिसके बाद 14 जुलाई को राहुल गांधी से मुलाकात होगी। बैठक में संगठन सृजन और मंत्रियों के कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के सीनियर कांग्रेस नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष ने आंकड़ों को सहेजने का टास्क दिया है। मंगलवार को रांची जिले से आने वाले कार्यकारी अध्यक्षों, महासचिवों की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में हुई जहां इनके बीच कई तरह के कार्यों का बंटवारा किया गया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसका मूल उद्देश्य प्रदेश स्तर पर संगठन को व्यवस्थित करने और आपसी समन्वय बनाकर आगे बढ़ने को लेकर था।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन में निचले स्तर तक समन्वय रखने, उनसे सूचना प्राप्त करने तथा सूचनाओं को साझा करने, समय-समय पर विभिन्न वैधानिक निकायों की बैठकों में जाने, सरकार तथा अन्य स्रोतों से सूचनाओं के मिलने, पत्राचार करने सहित तमाम कार्यों के लिए पांच सेक्शन का गठन किया जाएगा।
एआइसीसी से पत्राचार, विधायक-मंत्रियों से पत्राचार और संवाद के लिए एक सेक्शन बनेगा। संगठन सृजन के तहत चल रहे कार्यक्रमों के लिए प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक के लिए अलग सेक्शन होगा। 20 सूत्री, बोर्ड, निगम सहित तमाम कमेटियों और कांग्रेसजनों के डाटा लिए एक अलग सेक्शन होगा।
ग्रामीण, नगर निकाय चुनाव का काम एक अलग विभाग के तहत किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए ऐसे पदाधिकारी को जिम्मेवारी दी जाएगी जो संगठन में और कार्यालय में समय दे सकते हैं।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, संजय पांडेय, अमूल्य नीरज खलको, सुरेंद्र सिंह, विनय सिन्हा दीपू, राजेश गुप्ता छोटू, सूर्यकांत शुक्ला, सोनाल शांति आदि मौजूद थे।
14 जुलाई को राहुल गांधी से मिलेंगे मंत्री और विधायक
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कहा कि 10 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू की उपस्थिति में कांग्रेस विधायकों की बैठक चार बजे दोपहर में होगी और इसके बाद पांच बजे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। विधायकों की बैठक में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा की जाएगी।
इस चर्चा से उभरे विचारों को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सभी विधायक और मंत्री मुलाकात करेंगे। इस क्रम में संगठन के कार्यों के साथ-साथ मंत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर चर्चा होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।