Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुजी दुमका में हारे, अब बेटा-बहू हारेंगे

    By JagranEdited By:
    Updated: Tue, 02 Jul 2019 05:25 AM (IST)

    रांची मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि अब देश में परिवारवाद नहीं चलेगा। कांग्रेस का उदाहर

    गुरुजी दुमका में हारे, अब बेटा-बहू हारेंगे

    रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि अब देश में परिवारवाद नहीं चलेगा। कांग्रेस का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि इसी कारण से उनकी कोई सुध नहीं ले रहा। यही हाल झामुमो का झारखंड में होगा। पिता शिबू सोरेन दुमका में लोकसभा चुनाव हारे और अब बेटा (हेमंत सोरेन, बरहेट विधानसभा) और बहू (सीता सोरेन, जामा विधानसभा) भी चुनाव हारेंगे। कार्यकर्ताओं से कमर कस लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 65 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य कहीं से बड़ा नहीं है। अभी लोकसभा चुनाव में ही भाजपा प्रत्याशियों को 81 में से 63 सीटों पर बढ़त मिली है। चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य भी दिया। यही लक्ष्य संगठन महामंत्री धर्मपाल ने भी दिया। रांची में विधानसभा स्तरीय कोर कमेटी की बैठक को इनके अलावा भी कई प्रमुख वक्ताओं ने संबोधित किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सबसे पहले विधानसभा स्तरीय कोर कमेटी को धन्यवाद दिया। कहा कि आपकी बदौलत ही पार्टी ने लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। एक बार फिर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी जुट जाएं। जनसंघ काल से ही पार्टी के कार्यकर्ता सत्ता के लोभ में नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए काम कर रहे हैं। परिवार के लिए काम करनेवालों का हश्र सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि संताल परगना से झामुमो का वोट बैंक खिसक चुका है। लोकसभा चुनाव में जनजातीय मतदाता बहुल क्षेत्रों में 70 फीसद मतदान केंद्रों पर भाजपा आगे रही है। संताल परगना में आदिवासी समाज झामुमो के छलावे में नहीं आनेवाला है। अपने संबोधन के समापन पर कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब भी उन्होंने अपने अंदाज में दिया।

    ----------

    6 जुलाई से सदस्यता अभियान की शुरुआत :

    कोर कमेटी की बैठक में सदस्यता अभियान की पूरी रूपरेखा पर चर्चा हुई। बैठक की जानकारी देते हुए पार्टी उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने कहा कि 6 जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन के अवसर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास और सदस्यता प्रभारी धर्मपाल ने 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है और इसकी शुरुआत पहले दिन से ही हो जाएगी। मुख्यमंत्री से लेकर सभी सांसद और विधायक तक किसी न किसी बूथ पर सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। पहले दिन ही हर मतदान केंद्र पर सौ लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। कोर कमेटी ने भी बदले में सीएम को विश्वास दिलाया कि लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। 11 अगस्त से सक्रिय सदस्यों की सदस्यता रिन्युअल का काम शुरू होगा। इस दौरान नए सक्रिय सदस्य भी बनेंगे। सक्रिय सदस्य वही बन पाएंगे जिन्होंने कम से कम 25 प्राथमिक सदस्य बनाए हों। इस दौरान आइटी सेल ने तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी दी।

    --------------

    जल संरक्षण को लेकर सभी को टास्क

    मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को टास्क दिया है। सात जुलाई से इस पर व्यापक कार्यक्रम का आयोजन होगा। भाजपा के सभी कार्यकर्ता भाजपा के बैनर तले गांव-गांव में जल संरक्षण से संबंधित कार्य करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता शारीरिक परिश्रम भी करेंगे। नदी, तालाब, कुएं आदि सभी जल स्त्रोतों पर भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित होंगे और जलसंरक्षण का संदेश देंगे।

    --------------

    इसी माह दुमका आएंगे अमित शाह, लेंगे क्लास

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जुलाई महीने में ही दुमका आकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक करेंगे। भाजपा के सूत्रों ने उनके आने की पुष्टि की है लेकिन अभी तिथि तय नहीं हुई है। दुमका आने का मकसद भी यही है कि भाजपा संताल परगना में अधिक से अधिक सीटों पर कब्जा करना चाहती है।