Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में स्थायी रूप से बंद हुआ 17 सिटी बसों का परिचालन, शहरवासियों को नई बसों का है इंतजार

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 03:16 PM (IST)

    रांची में सिटी बस सेवा को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। पुरानी बसों की अवधि समाप्त होने के कारण यह फैसला लिया गया है। नगर निगम जल्द ही 244 नई सिटी बसें शुरू करने की तैयारी में है। यात्रियों को नई बसों का इंतजार है जिससे उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।

    Hero Image
    स्थायी रूप से बंद हुआ 17 सिटी बसों का परिचालन। (जागरण)

    जागरण संवादाता, रांची। राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की लाइफलाइन कही जाने वाली सिटी बसों का संचालन स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। रातु रोड से तुपुदाना जाने वाली सिटी बसों (स्वराज माजदा) का संचालन 26 जुलाई से बंद है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में सिटी बस सेवा की शुरुआत साल 2010 में हुई थी। 15 साल पूर्व खरीदी गई सिटी बसों की लाइफ पूरी हो चुकी है। इसलिए 17 पुरानी सिटी बसों (स्वराज माजदा) का परिचालन बंद कर दिया गया है।

    वर्तमान में साल 2016 में खरीदी गई 24 सिटी बसों का ही परिचालन किया जा रहा है। रांची नगर निगम की ओर से 26 जुलाई से ही इन 17 पुरानी सिटी बसों का परिचालन बंद कर दिया है।

    नगर निगम के इस निर्णय से आम लोगों को परेशानी हो रही है। पुरानी सिटी बसों के कर्मियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

    पिछले 15 वर्षों से यह बस सेवा शहरवासियों के लिए यातायात व बस चालकों के लिए रोजगार का बेहतर साधन था। अब यात्रियों को नई बसों का इंतजार है। रांची नगर निगम की ओर से 244 नई सिटी बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

    यात्रियों ने भी कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से रांची नगर निगम का निर्णय हमारे हित में है। इसलिए जितना जल्द नई सिटी बसों का संचालन शुरू होगा, यात्रियों के लिए उतना ही फायदेमंद साबित होगा।

    सिटी बस यात्रियों के लिए बहुत ही सुविधाजनक था। अब कांटाटोली से तुपुदाना जाने के लिए ऑटो का किराया अधिक लगता है। इसलिए रांची नगर निगम की ओर से जल्द से जल्द सिटी बस सेवा शुरू की जाए। - सुजीत चौरसिया, कोकर।

    सिटी बसें थीं तो तुपुदाना स्थित परीक्षा केंद्र समय पर पहुंच जाते थे। बार-बार गाड़ी बदलने की आवश्यकता नहीं होती थी। पुरानी बसों की स्थिति वाकई में बुरी हो चुकी थी। अब नई बसें आएंगी तो यात्रा और सुगम होगी। - पूनम कुमारी, आरा गेट।

    मेरा ऑफिस हिनू चौक के समीप है। मैं रोजाना इसी बस से यात्रा करता था। महज 20 रुपये में ही समय पर ऑफिस पहुंच जाता था, लेकिन अब ऑटो से जाने पर दो गुना खर्च हो रहा है। - राजीव सिंह, लोवाडीह।

    मैं निर्मला कॉलेज की छात्रा हूं। अक्सर इसी बस से आना-जाना करती थी। खुद को सुरक्षित भी महसूस करती थी, लेकिन अब बार-बार रिक्शा बदलने में परेशानी होती है। अब नई सिटी बस का इंतजार है। - रूपा कुमारी, छात्रा।

    पुरानी 17 सिटी बसों का परिचान बंद कर दिया गया है। इसलिए आम लोगों को परेशानी हो रही है। जल्द ही नगर निगम क्षेत्र में 244 नई सिटी बसों का परिचालन होगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद अब विभागीय स्तर पर प्रोसेस जारी है। जल्द ही शहरवासियों को नई सिटी बसों का लाभ मिलेगा। - संजय कुमार, अपर प्रशासक, रांची नगर निगम।