दक्षिण भारत से झारखंड-बिहार लौटना होगा आसान, रांची समेत इन स्टेशनों से गुजरेगी छठ स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए पोत्तनूर से दरभंगा के बीच एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाने का ...और पढ़ें

रेलवे ने छठ महापर्व के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया।
HighLights
रेलवे ने छठ महापर्व के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया।
पोत्तनूर-दरभंगा ट्रेन रांची, बोकारो, धनबाद होकर दरभंगा जाएगी।
जागरण नेटवर्क, रांची। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक और विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के अनुसार, पोत्तनूर से दरभंगा के बीच एकतरफा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। यह ट्रेन रांची, बोकारो, धनबाद और जसीडीह होकर दरभंगा पहुंचेगी। इससे दक्षिण भारत में रहने वाले झारखंड और बिहार के यात्रियों को घर लौटने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन संख्या 06189 पोत्तनूर-दरभंगा एकतरफा स्पेशल नौ नवंबर, सोमवार को रात 8:20 बजे पोत्तनूर से रवाना होगी। सेलम, काटपाडी, विजयवाड़ा, रायगड़ा, संबलपुर और राउरकेला होते हुए ट्रेन 11 नवंबर, बुधवार को दोपहर 12:20 बजे हटिया पहुंचेगी। यहां पांच मिनट रुकने के बाद दोपहर 12:40 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी और 12:45 बजे आगे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन दोपहर 1:58 बजे मुरी, 3 बजे बोकारो स्टील सिटी, शाम 6:30 बजे धनबाद और रात 9:13 बजे जसीडीह पहुंचेगी। बरौनी होते हुए गुरुवार, 12 नवंबर को सुबह 7:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 24 कोच
रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें एसी प्रथम श्रेणी सह एसी टू टियर के तीन संयुक्त कोच, एसी टू टियर का एक, स्लीपर श्रेणी के 14, सामान्य श्रेणी के चार और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। ट्रेन का परिचालन केवल एक फेरे के लिए किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति और सीटों की उपलब्धता जांचने की सलाह दी है।