बेटे की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना, छठ के गीतों में छिपी है हर व्रती मां की अनकही कहानी
छठ महापर्व की महिमा और सार्वभौमिकता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया है कि यह सभी जाति-धर्मों के लोगों को ...और पढ़ें

छठ के लोकगीतों में छिपी है आस्था।
HighLights
छठ के लोकगीतों में छिपी है व्रती महिलाओं की आस्था और भावनाएं।
सूर्यदेव की उपासना के साथ जुड़ा है मां का त्याग और समर्पण।
जागरण संवाददाता, रांची। छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस पर्व में सदियों से गंगा नदी व अन्य सरोवरों में सभी जाति व धर्मों के लोग कतारबद्ध होकर अपने आराध्य देव सूर्य भगवान की आराधना करते हैं। यह झलक अपने आप में वसुधैव कुटुंबकम को दर्शाता है।
इस पर्व को लेकर मान्यता है कि जो स्त्री या पुरुष पूरी आस्था, श्रद्धा और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ छठ व्रत करते हैं, उनकी मनोकामनाएं भगवान सूर्य पूरी करते हैं। लोकमान्यता में छठी मैया और सूर्यदेव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा गया है- 'बांझन के पुत्र देहलु, निर्धन के माया। रोगी के निरोग कईलू और मनसा सबके पुरैलू।' यानी निःसंतान को संतान, निर्धन को संपत्ति और रोगी को निरोग होने का आशीर्वाद मिलता है।
छठ पर्व कैसे और कब से मनाया जाता, इसके पीछे अनगिनत कहानियां है जो वेद और पुराण से सुनने को मिलती हैं। यह कटु सत्य है कि जो व्यक्ति इस रहस्मय कथा को श्रद्धा से श्रवण करता है, उसकी हर मनोकामना पूर्ण होती है।
भविष्य पुराण के अनुसार, इस व्रत को सबसे पहले नागकन्या ने किया था व इस नागकन्या से सुनकर सुकन्या ने च्यवन ऋषि के पुत्र को लौटाया था। इसी कथा का अनुकरण करते हुए पांडवों की पत्नी द्रौपदी ने पुरोहित महाराज धौम्य से इस महान पर्व के विधि-विधान का श्रवण कर इस व्रत को कर अपने पतियों का राज-पाट एवं राजलक्ष्मी को प्राप्त कराया था।
कहते हैं, नागकन्या ने इस पूजा के विधि-विधान को बताते हुए कहा कि कार्तिक शुल्क षष्ठी को सप्तमी युक्त होने पर सर्वमनोरथ सिद्धि के लिए यह व्रत किया जाता है। व्रती को चाहिए कि वे पंचमी के दिन नियम से व्रत को धारण करे।
सायंकाल में खीर का भोजन करके जमीन पर सोए, छठ के दिन निर्जला रहे और अनेक प्रकार के फल और पकवान विशेषकर गुड़ से बने आटे का ठेकुआ आदि का नैवेद्य और सूर्य भगवान की प्रसन्नता के लिए गीत-वाद्य आदि गा-बजाकर उत्सव मनावे। जब तक सूर्यनारायण का दर्शन न हो तब तक व्रत को धारण किए रहे। प्रात: काल सप्तमी को सूर्यनारायण के दर्शन कर अर्घ्य देवे और सूर्य भगवान के बारह नाम का मनन कर दंडवत प्रणाम करते हुए अर्घ्य देवे।
इस प्रकार इस व्रत को विधिपूर्वक करने से सूर्य भगवान महान कष्ट को दूरकर मनवांछित फल देते हैं। नागकन्या के इस वचन को सुनकर सुकन्या ने इस उत्तम व्रत को किया। इस व्रत के प्रभाव से च्यवन महाराज के नेत्र पूर्ववत हो गए, उनका शरीर निरोग हो गया और सुकन्या के साथ लक्ष्मीनारायण के भांति सुख भोगने लगें।
इस कथा को सुनकर द्रौपदी ने भी पवित्र मन से इस पर्व को विधि-विधान के अनुसार किया, जिसके परिणामस्वरूप महाराजा युधिष्ठर के चिंता का निराकरण हो गया और उन्होंने अपने यहां पधारे अट्ठासी हजार मुनिओं का आतिथ्य सत्कार किया। द्रौपदी के इस व्रत के प्रभाव से ही पांडवों को पुन: राजलक्ष्मी प्राप्त हुई।
कहा भी गया है कि जो भी स्त्री इस पुनीत छठ व्रत को करेगी, उसके समस्त पाप नष्ट होकर सुकन्या की भांति पति सहित सुख पावेगी। इस घोर कलयुग में भी छठ पर्व की अपार महिमा है। इस महिमामयी एवं वरदायिनी छठ मैया के पर्व को सभी व्यक्ति चाहे वह किसी भी जाति या धर्म के क्यों न हो, सम्मान के नजरों से देखते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।