छठ की आस्था में घुलेगी परबत्ता के केलों की मिठास, पटना से दिल्ली तक डिमांड
छठ पूजा के दौरान परबत्ता (खगड़िया) के केले की मांग पटना से दिल्ली तक तेजी से बढ़ी है, जिससे किसानों ...और पढ़ें

छठ की आस्था में घुलेगी परबत्ता के केलों की मिठास, पटना से दिल्ली तक डिमांड
HighLights
परबत्ता के केले की छठ पूजा में भारी मांग।
पटना, दिल्ली, यूपी तक भेजे जा रहे परबत्ता के केले।
किसानों को प्रति बीघा दो लाख रुपये तक मुनाफे की उम्मीद।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। केले की खेती को लेकर परबत्ता प्रखंड विख्यात है। जिले में केले की खेती की शुरुआत परबत्ता प्रखंड से ही हुई है। यहां केले के विभिन्न प्रभेदों की खेती की जाती है। केले की डिमांड सावन-भादो के बाद लोक आस्था के महापर्व छठ में काफी रहती है।
छठ पूजा के अवसर पर परबत्ता के केले की मांग तेजी से बढ़ी है। यहां के केले बिहार के विभिन्न जिलों के साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों तक भेजे जा रहे हैं। किसानों के अनुसार, बीते एक पखवारा से बिक्री में तेजी आई है और त्योहार के कारण उन्हें अच्छी कीमत मिल रही है।
परबत्ता में करीब दो हजार एकड़ में केले की खेती होती है। कुल्हड़िया, करना, बैसा, नयागांव, डुमरिया बुजुर्ग और तेमथा करारी आदि केले की खेती को लेकर विख्यात है। यहां से केले पटना, दरभंगा, बेगूसराय, मुंगेर, अजगैवीनाथ धाम, देवघर और भागलपुर सहित विभिन्न शहरों में भेजे जा रहे हैं।
करना के किसान दीपक सिंह के अनुसार, इन दिनों केले का एक घौंद 350 से 400 रुपये तक में बिक रहा है। एक पिकअप गाड़ी में करीब 250 घौंद केले पटना ले जाने का भाड़ा 15 हजार रुपये है।
भागलपुर का भाड़ा 10 हजार और अजगैवीनाथ धाम का भाड़ा 9 हजार रुपये लगता है। वहां पका केला 60 रुपये प्रति दर्जन तक बिक रहा है, जबकि पटना में इसकी कीमत 60 से 70 रुपये प्रति दर्जन है।
कुल्हड़िया के किसान वीरेंद्र कुमार, नेहाल अली, करना के कुमोद सिंह और बैसा के मदन चौरसिया के अनुसार, वे बीते एक पखवारा से केले दिल्ली के आजाद मार्केट समेत विभिन्न बाजारों में भेज रहे हैं।
बैसा के राजीव कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ, रामपुर और शाहजहांपुर में केले भेजे हैं। कई स्थानीय किसान दरभंगा और मधुबनी में भी केले पहुंचा रहे हैं।
किसानों में धनंजय तिवारी, कृष्णानंद राय और दीपक सिंह का कहना है कि इस वर्ष बाजार अनुकूल रहने से केले के भाव में तेजी आई है। छठ पूजा में खरना से लेकर अर्घ्य अर्पित करने तक केले का विशेष महत्व है।
पूजा के सूप में भी केले चढ़ाए जाते हैं। कहने का मतलब खरना से लेकर छठ के अर्घ्य तक प्रसाद के रूप में केले का विशेष महत्व रहता है।
किसानों के अनुसार, प्रति बीघा करीब 60 हजार रुपये की लागत से लगाए गए केले से इस बार दो लाख रुपये तक मुनाफे की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।