विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निशा भगत आत्महत्या मामला: CBI जांच तेज, घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट; आरोपियों की आवाज की होगी फोरेंसिक जांच

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:17 PM (IST)

सीबीआई ने रांची में आदिवासी नेत्री निशा भगत आत्महत्या मामले की जांच तेज कर दी है, टीम ने घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट किया।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. सीबीआई ने निशा भगत आत्महत्या मामले में जांच तेज की।

  2. घटनास्थल पर सीन री-क्रीएट कर सच्चाई का पता लगाया।

  3. आरोपियों के मोबाइल जब्त, आवाज की फोरेंसिक जांच होगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली में आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। 
 
सीबीआई की टीम ने लगातार दूसरे दिन रांची में कैंप कर पूरे घटनाक्रम की बारीकी से छानबीन की। जांच के तहत मंगलवार को सीबीआई की टीम पिठोरिया स्थित घटनास्थल पर पहुंची और सीन री-क्रीएट कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया।
 

फेसबुक लाइव के दौरान घर में अकेली थीं निशा भगत 

प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के मुआयने से यह बात सामने आई है कि आत्महत्या से पूर्व निशा भगत जब फेसबुक लाइव पर थीं, तब वह कमरे में पूरी तरह अकेली थीं। 
 
यहां तक कि पंखे से फंदा लगाते वक्त भी उनका मोबाइल लाइव मोड में था। फंदा लगाने के दौरान शरीर के झूलने और मोबाइल से टकराने के कारण वह नीचे गिर गया, जिससे लाइव प्रसारण बंद हो गया था।
 
शुरुआत में यह आशंका जताई जा रही थी कि घटना के वक्त कमरे में कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद हो सकता है, लेकिन क्राइम सीन री-क्रीएट के दौरान इस बात की पुष्टि नहीं हुई और यह स्पष्ट हुआ कि उस वक्त कमरे में निशा के अलावा और कोई नहीं था।
 

14 नवंबर को CBI ने दर्ज किया केस 

गौरतलब है कि गत 6 नवंबर को निशा भगत ने पिठोरिया स्थित अपने आवास पर फेसबुक लाइव के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। 
 
इस मामले में मृतका के पिता के बयान पर पिठोरिया थाने में 7 नवंबर को अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। 
 
इसी मामले को टेकओवर करते हुए सीबीआई ने 14 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा-1 में केस दोबारा (री-रजिस्टर) दर्ज किया है।
 

डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित, फोरेंसिक लैब में होगी आवाज की पहचान 

जांच के सिलसिले में सीबीआई ने आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने के आरोपी अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। 
 
साथ ही, निशा भगत की आत्महत्या से जुड़े सभी महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है, जिनकी आवश्यकता पड़ने पर फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
 
मंगलवार को भी सीबीआई ने दोनों नामजद आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की। मृतका के पिता का आरोप था कि अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा ने उनकी बेटी को मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया था। 
 
झूठे मुकदमों में फंसाया था और सोशल मीडिया पर एक सोची-समझी साजिश के तहत उसके चरित्र का हनन किया था, जिससे तंग आकर निशा ने यह कदम उठाया।
 
सीबीआई ने दोनों आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों को भी सुरक्षित कर लिया है ताकि उनकी सत्यता की जांच की जा सके। आरोपियों के बयानों और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कराया जाएगा। 
 
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर प्रसारित बयानों की फोरेंसिक जांच के जरिए यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि वे आवाजें वास्तव में इन दोनों आरोपियों की ही थीं या नहीं। मामले में आगे की कानूनी और तकनीकी जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- निशा भगत सुसाइड केस: CBI जांच की सिफारिश दिल्ली मुख्यालय पहुंची, आत्महत्या से जुड़ा एक और वीडियो आया सामने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।