Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जन्मदिन पर माही को इसलिए मिस करते हैं परिवार वाले

    By Sachin MishraEdited By:
    Updated: Fri, 07 Jul 2017 02:31 PM (IST)

    इस वर्ष भी महेंद्र सिंह धौनी अपने जन्मदिन पर परिवार से दूर हैं।

    Hero Image
    जन्मदिन पर माही को इसलिए मिस करते हैं परिवार वाले

    जागरण संवाददाता, रांची। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान व रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धौनी आज 36 वर्ष के हो गए। आज ही के दिन 1981 में उनका जन्म हुआ था। 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया। तब से धौनी अपने परिवार के साथ दो ही बार जन्मदिन मना पाए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एक 2010 में जिस वर्ष उनकी शादी हुई थी। माही का विवाह चार जुलाई को हुआ था। परिवार के साथ सात जुलाई को रांची में उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था। आयोजन साधारण तरीके से किया गया था, जिसमें परिवार के अलावा गिने चुने मेहमानों को ही बुलाया गया था।

    दूसरी बार, 2014 में वह अपने जन्मदिन पर परिवार के साथ थे। इसके अलावा माही ने परिवार के साथ जन्मदिन नहीं मनाया। इस वर्ष भी वे अपने जन्मदिन पर परिवार से दूर हैं। वेस्टइंडीज में चल रही सीरीज में वह भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 

    माही के जीजा गौतम गुप्ता ने कहा कि उसके नहीं होने पर सब कुछ सूना रहता है। लेकिन जब भी उसे मौका मिलता है वह घर जरूर फोन करता है। जन्मदिन पर पूरा परिवार उन्हें मिस करता है।

    कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन:
    धौनी के साथ क्रिकेट खेलने वाले परवेज अखौरी तथा स्कूल के समय के मित्र चितू अपने माही को काफी मिस करते हैं। धौनी के साथ जन्म दिन मनाए वर्षों हो गए। परवेज अखौरी जो धौनी के साथ रांची में कई वर्षों तक खेले। उन्होंने कहा कि जब माही हम लोगों के साथ खेलता था, तब उसके जन्मदिन पर हमलोग किसी ढाबा में बैठ जाते थे और जमकर मजा करते थे।

    वहीं, उसके बचपन के मित्र चितू ने कहा कि वैसे तो हम माही को हर पल मिस करते हैं लेकिन बर्थ डे पर वे और ज्यादा याद आते हैं। उनके जन्मदिन पर हम कहीं बाहर चले जाते थे। खूब मस्ती होती थी। जहां बैठ जाते, वहीं पार्टी। अब तो बस यही ख्याल आता है, कोई लौटा दे हमें बीते हुए दिन।

    जन्मदिन पर आशीर्वाद लेने अवश्य आते थे माही:
    धौनी के क्रिकेट करियर की शुरुआत में दो लोगों ने उन्हें काफी कुछ सिखाया है। वैसे तो धौनी नेचुरल क्रिकेटर हैं, लेकिन स्कूल के दिनों में खेल प्रशिक्षक केआर बनर्जी व रांची जिला क्रिकेट लीग में चंचल भट्टाचार्य ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। फुटबॉल से क्रिकेट में लाने का श्रेय अगर केआर बनर्जी को है तो चंचल भट्टाचार्य ने उसकी प्रतिभा को और निखारा। दोनों प्रशिक्षक आज भी माही को एक योग्य विद्यार्थी मानते हैं।

    केआर बनर्जी ने बताया कि स्कूल के दिनों में वह अपने मित्रों के साथ बर्थ डे मनाता था। लेकिन मुझसे आशीर्वाद अवश्य लेने आता। अपने बर्थ डे पर वह मुझे टॉफी दिया करता था। उसकी मिठास आज भी तरोताजा कर देती है। वहीं चंचल भïट्टाचार्य ने कहा कि जन्मदिन पर उसके घर पर छोटी मोटी पार्टी होती थी, जिस में मुझे भी बुलाया जाता था। उस पार्टी में सब मिलकर आनंद लेते थे। वह अपने जन्म दिन पर आशीर्वाद लेना नहीं भूलता था। अब तो जन्मदिन पर उससे बात भी नहीं हो पाती है। खैर, हमारा आशीर्वाद हमेशा उसके साथ है।⁠⁠⁠⁠ 

    देखें तस्वीरेंः 36 के हुए महेंद्र सिंह धौनी

    यह भी पढ़ेंः 36 के हुए महेंद्र सिंह धौनी, रांची में कटा 36 पाउंड का केक