झारखंड में जेल-थाना और विधायक आवास भी सुरक्षित नहीं, बाबूलाल मरांडी ने उठाए गंभीर सवाल
Bhushan Bara Case: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जेल, थाना और विधायक आवास भी सुरक्षित नहीं हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी। (फोटो जागरण)
HighLights
होटवार जेल में कथित यौन हिंसा की घटना पर सवाल।
विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप।
झारखंड में हिरासत में हुई 427 मौतों पर जांच की मांग।
राज्य ब्यूरो, रांची। Bhushan Bara News: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कानून-व्यवस्था पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि यहां न जेल सुरक्षित है, न थाना और न ही विधायक आवास।
शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने होटवार जेल में युवक के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा, सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात कराने के आरोप तथा गम्हरिया थाना में न्याय मांगने पहुंची महिला के साथ दुष्कर्म का जिक्र किया।
मरांडी के मुताबिक, होटवार जेल में 20 वर्षीय युवक के साथ महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल पर कथित यौन हिंसा हुई। पीड़ित की लिखित शिकायत फाड़ने और इलाज नहीं कराने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने और निष्पक्ष जांच के लिए आरोपित कैदियों को दूसरी जेल भेजने की मांग की।
विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों के मामले में उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की। मरांडी ने कहा कि विधायक की पत्नी और बहन की भूमिका तथा बच्ची को काम के लिए विधायक के पास भेजने वालों की भी जांच होनी चाहिए।
हिरासत में मौतों पर मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार की उच्च न्यायालय को दी रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 तक पुलिस और न्यायिक हिरासत में 427 लोगों की मौत हुई। इनमें 262 मामलों की न्यायिक जांच नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 14 मई 2026 को उच्च न्यायालय ने इन मामलों की छह महीने में नए सिरे से जांच का निर्देश दिया था। जांच की प्रगति स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने बरियातू थाना में आदिवासी महिला से हुई प्रताड़ना, कपाली में आदिवासी युवती की पिटाई तथा पलामू और देवघर में हिरासत के दौरान हुई मौतों का भी उल्लेख किया। मरांडी ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।