झारखंड में सियासी घमासान: MLA भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी पर अड़ी BJP, कांग्रेस ने अंकिता भंडारी केस का जिक्र कर घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से यौन शोषण, दुष्कर्म और गर्भपात के गंभीर आरोप लगाए हैं, उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

विधायक भूषण बाड़ा। (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा ने कांग्रेस विधायक पर यौन शोषण का आरोप लगाया।
आदित्य साहू ने विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी मांगी।
कांग्रेस ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया, जांच की बात कही।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग बच्ची के यौन शोषण, दुष्कर्म और गर्भपात के आरोपों को राज्य के लिए शर्मनाक बताया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि पर ऐसे गंभीर आरोप लगना चिंताजनक है। साहू ने आरोप लगाया कि बच्ची को पढ़ाने और उसका भविष्य संवारने का भरोसा देकर विधायक ने उसे अपने आवास पर बुलाया।
उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि पीड़िता ने विधायक के स्वजनों पर मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं।
साहू के अनुसार, विधायक से मामला जुड़ा होने के कारण पीड़िता भयभीत है और उसने जान को खतरा बताया है। उन्होंने राज्य सरकार से बच्ची और उसके परिवार को सुरक्षा देने, निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी विधायक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
साथ ही, मामले में संलिप्त अन्य लोगों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की अपील की। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी।
साहू ने सरकार से भी मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि आरोपित विधायक की गिरफ्तारी, पीड़िता की सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।
फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले भाजपा अपने दामन में झांके: कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।
जिनकी अपनी बनियान में छेद ही छेद हैं, उन्हें दूसरे के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले अपने दामन की चिंता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों के मामलों में नैतिकता और जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले अपने नेताओं और अपने राजनीतिक आचरण से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उठे सवालों और एपस्टीन फाइल से संबंधित सार्वजनिक चर्चाओं में जिन लोगों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उन पर भाजपा अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
दूसरों पर सवाल उठाने में जितनी तत्परता भाजपा दिखाती है, उतनी ही तत्परता उसे अपने मामलों में पारदर्शिता दिखाने में भी दिखानी चाहिए।
राकेश सिन्हा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना या आरोप लगना उसे अपराधी घोषित करने का आधार नहीं हो सकता।
कांग्रेस विधायक भूषण तर्की के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, अब जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
लेकिन जांच पूरी होने से पहले भाजपा जिस तरह राजनीतिक बयानबाजी कर रही है और खुद ही अदालत लगाकर फैसला सुना रही है, वह उचित नहीं है। उन्होंने आदित्य साहू से सवाल किया कि क्या भाजपा में अब न्यायपालिका की भूमिका भी राजनीतिक नेताओं ने संभाल ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।