विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म और प्रताड़ना का गंभीर आरोप, भाजपा ने किया थाने का घेराव

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:01 PM (IST)

एक नाबालिग लड़की ने विधायक भूषण बाड़ा पर अपने आवास पर दुष्कर्म, प्रताड़ना और गर्भवती करने का गंभीर आरोप लगाया ...और पढ़ें

पढ़ाई और बेहतर भविष्य का झांसा देकर नाबालिग से कराया घरेलू काम।

पढ़ाई और बेहतर भविष्य का झांसा देकर नाबालिग से कराया घरेलू काम।

HighLights

  1. नाबालिग ने विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

  2. लड़की को पढ़ाई का झांसा देकर घरेलू काम कराया गया।

  3. विधायक ने आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है।

जागरण संवाददाता, रांची। विधानसभा थाना में एक नाबालिग ने आवेदन देकर विधायक आवास में उसके साथ मारपीट, प्रताड़ना और दुष्कर्म कर गर्भवती किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप विधायक भूषण बाड़ा पर लगाया गया है। नाबालिग ने पूरे मामले में दो महिलाओं को भी आरोपित करते हुए पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। नाबालिग के आवेदन के अनुसार वह सिमडेगा जिले की रहने वाली है। उसकी मां बचपन में ही उसे छोड़कर चली गई थी। वह अपने दादा के साथ रहती थी। मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई लिखाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ सिमडेगा से ले गईं।

आरोप है कि सिमडेगा पहुंचने के बाद उसी रात उसे रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। अगले दिन से उससे घर का काम कराया जाने लगा। नाबालिग का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसे फिर सिमडेगा ले जाया गया, जहां एमा बड़ा के निर्माणाधीन किराना दुकान के काम में उससे बालू ढुलवाने जैसे काम कराए गए।

इसके बाद उसे दोबारा रांची लाया गया। सिमडेगा और रांची, दोनों जगहों पर उससे लगातार काम कराया जाता था। काम में थोड़ी भी देरी होने या ठीक से काम नहीं करने का आरोप लगाकर मारपीट की जाती थी।

खाने पीने का भी उचित इंतजाम नहीं किया जाता था। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर यह कहकर डराया जाता था कि उसका कोई आगे-पीछे नहीं है और उसे यहीं रहना है।

विधायक आवास में दुष्कर्म करने का आरोप

आवेदन में नाबालिग ने 5 अगस्त की घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उसके अनुसार उस दिन विधायक आवास में अन्य लड़कियां मौजूद नहीं थीं। इसी दौरान विधायक भूषण बाड़ा वहां आया। नाबालिग का आरोप है कि वह पानी लेकर ऊपर गई थी, तभी विधायक ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती करने की कोशिश की।

विरोध करने और चिल्लाने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया। नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। डर के कारण वह तत्काल किसी को अपनी आपबीती नहीं बता सकी।

नाबालिग के अनुसार शाम को जोसिमा खाखा के आने के बाद वह अगले दिन उनके साथ सिमडेगा चली गई। वहां से वह अपने गांव में रहने लगी। उसका आरोप है कि कई महीने काम कराने के बाद उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए। सितंबर में वह अपनी मुंहबोली बहन और जीजा के पास चली गई।

गर्भवती होने की जानकारी के बाद बिगड़ी तबीयत

नाबालिग ने आवेदन में बताया है कि उसे गर्भवती होने की आशंका हुई। अचानक काफी रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ डाक्टर के पास जांच कराने पहुंची। वहां चिकित्सक ने गर्भपात होने की बात बताई। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि उसके साथ हुई घटनाओं और शारीरिक मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी स्थिति बिगड़ी।

उसने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपित प्रभावशाली और आर्थिक रूप से मजबूत हैं, जबकि उसका कोई सहारा नहीं है। इसलिए उसे जान का खतरा है।

विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश

दूसरी ओर, संबंधित विधायक ने नाबालिग की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उनके यहां कई बच्चियों को रखकर पढ़ाया जाता है और उनके रहने तथा पढ़ाई की व्यवस्था की जाती है।

संबंधित बच्ची भी उनके यहां रहती थी। धान रोपने की बात कहकर वह अपने घर चली गई थी। विधायक के अनुसार बच्ची के परिवार में उसके दादा और एक छोटा भाई हैं। विधायक ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि नगर परिषद चुनाव के दौरान प्रदेश कमेटी की ओर से संगठन के लोगों से चुनाव में किसने किसका साथ दिया और किसने काम नहीं किया, इसकी जानकारी मांगी गई थी।

कुछ लोगों के नाम सामने आए थे, जिन्हें बाद में संगठन से बाहर कर दिया गया था। विधायक ने आशंका जताई कि ऐसे लोग भी इस मामले को सामने लाने के पीछे हो सकते हैं। विधायक ने कहा कि उनके यहां कई बच्चियों को पढ़ाया जा रहा है।

भाजपा ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की

मामले को लेकर भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर नाबालिग को न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि मामला एक नाबालिग बच्ची की सुरक्षा और उसके साथ कथित यौन उत्पीड़न से जुड़ा है।

इसलिए राजनीतिक बयानबाजी से अलग हटकर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि जांच शुरु हो गई है। नाबालिग की उम्र, मेडिकल जांच, गर्भावस्था और रक्तस्राव से संबंधित जांच की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।