Azim Premji: बेंगलुरू व भोपाल की तर्ज पर रांची के इटकी में खुलेगा अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय
Azim Premji University मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में शनिवार को एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की युवा शक्ति के अंदर असीम संभावनाएं हैं। सही दिशा की जरूरत है। अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में अगले साल जुलाई से पढ़ाई शुरू होगी।

रांची, राज्य ब्यूरो। Azim Premji University बेंगलुरू और भोपाल की तर्ज पर राजधानी रांची के इटकी में अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना होगी। यह विश्वविद्यालय एक रिसर्च सेंटर के रूप में भी काम करेगा। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में इसे लेकर राज्य सरकार और अजीम प्रेमजी फाउंउेशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। इस अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अध्यक्ष सह आइटी कंपनी विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेमजी उपस्थित रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड में नई शुरुआत : हेमंत
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के आपसी समन्वय और सहयोग से राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत हो रही है। विश्वविद्यालय की स्थापना होने से न सिर्फ राज्य में उच्च शिक्षा का स्तर उठेगा बल्कि राज्य के प्रतिभावान छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने फाउंडेशन के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी से कहा कि वे एक जाने-माने उद्योगपति होने के साथ-साथ मन के अंदर समाज के उत्थान के लिए सेवा भाव रखते हैं। उनके अनुभव और सहयोग झारखंड जैसे राज्य के लिए बेहतर परिणाम लेकर आएंगे।
दिसंबर में झारखंड आएंगे अजीम प्रेमजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवा वर्ग में काफी संभावनाएं हैं। यहां के युवा खेल तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन बखूबी कर रहे हैं, बस जरूरत है कि राज्य की युवा शक्ति को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अजीम प्रेमजी को झारखंड आने का सप्रेम निमंत्रण भी दिया। इसपर प्रेमजी ने मुख्यमंत्री का निमंत्रण स्वीकारते हुए कहा कि वे वर्ष 2022 के अंतिम महीने में झारखंड आएंगे।
झारखंड के मंत्री, विधायक व अफसर रहे मौजूद
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा निदेशक सूरज कुमार, संयुक्त सचिव अभय कुमार सिन्हा तथा फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
झारखंड के लोगों के विकास के लिए करेंगे काम
अजीम प्रेमजीइस अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अजीम प्रेमजी ने कहा कि वे झारखंड के लोगों के विकास के लिए पूर्ण रुप से समर्पित होकर कार्य करना चाहते हैं। फाउंडेशन झारखंड में सिर्फ विश्वविद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक सुधार के साथ-साथ कई विभिन्न क्षेत्रों में राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगा। कहा, राज्य में अधिक से अधिक रोजगार का सृजन हो इस निमित्त योजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।
अगले साल जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई
फाउंडेशन के सीईओ अनुराग बेहर ने कहा कि रांची में अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय अगले साल जुलाई माह से प्रारंभ हो सकेगा। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के माध्यम से संचालित होने वाले यह बहु-विषय एवं बहु-अनुशासनात्मक संस्थान होगा, जो शिक्षा अनुसंधान में प्रत्यक्ष योगदान के माध्यम से समाज की सेवा के लिए प्रतिबद्ध होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पढ़िए टवीट
आज झारखण्ड के लिए ऐतिहासिक दिन है। राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के निर्माण से हजारों युवाओं को अपना भविष्य संवारने के लिए कई अवसर मिलेंगे।यूनिवर्सिटी शीघ्र मूर्तरूप ले इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 24, 2022
सभी को हार्दिक शुभकामनाएं!
जोहार! pic.twitter.com/ymYux6styF
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।