Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Shibu Soren News: नेमरा पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन की माता से मिलकर हुए भावुक; कही ये बात

    Updated: Tue, 12 Aug 2025 07:25 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रामगढ़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हेमंत सोरेन की माता से मिलकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा झारखंड आपके साथ है। अखिलेश यादव ने शिबू सोरेन के आदिवासी दलित और शोषित समुदायों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।

    Hero Image
    रूपी सोरेन से बात करते हुए भावुक हो गए अखिलेश यादव

    राज्य ब्यूरो, रांची। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद अखिलेश यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रामगढ़, नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन से मुलाकात के क्रम में अखिलेश यादव भावुक हो गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Akhilesh Yadav ने मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन से कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरे झारखंड के लोग आपके साथ है, आपका संबल ही राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शक्ति प्रदान करेगा। दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने जीवन का एक-एक पल आदिवासी, दलित, शोषित, पीड़ित एवं वंचित समुदायों के कल्याण में लगा दिया। "गुरुजी" के जीवन से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।

    उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन भले ही आज हम सभी के बीच नहीं है लेकिन उनका संघर्ष, आदर्श एवं व्यक्तित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। गुरुजी एक प्रभावशाली जननेता के रूप में युग-युग तक याद किए जाएंगे, जिन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। इसके पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की तथा उनका ढांढ़स बंधाया।

    शिबू सोरेन जैसा नेता मिलना बहुत ही मुश्किल है: अखिलेश

    अखिलेश यादव ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासी भाई-बहनों की तकलीफ, परेशानी और अन्याय के खिलाफ जीवन भर संघर्ष किया। ऐसे बहुत कम नेता हैं, जिन्होंने अपने पूरे जीवन में एक पार्टी खड़ी की हो, नया प्रदेश बनाने में संघर्ष किया हो और अगली पीढ़ी को विरासत सौंप कर गए हों। आज मैं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने आया हूं और उनके दुख में शामिल होने आया हूं।

    पूर्व सीएम ने कहा कि उनके सभी साथी सहयोगी दुखी हैं। उनके जैसा नेता ऐसा बनना और मिलना बहुत मुश्किल है। आदिवासियों की संस्कृति, आदिवासियों की भाषा और उनके वेशभूषा को लेकर शिबू सोरेन ने जीवनभर संघर्ष किया। आदिवासियाें के जीवन में खुशियां आएं, अन्याय खत्म हो।

    हेमंत सोरेन को विरासत में एक विचारधारा मिली है। उम्मीद करता हूं कि हेमंत सोरेन इस विरासत को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। इस प्रदेश काे और खुशहाल और आदिवासी भाई बहनों को सम्मान दिलाने का काम करेंगे।

    हकमारी के साथ मतमारी भी कर रही भाजपा: अखिलेश यादव

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) को भाजपा की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के लोग हकमारी के साथ-साथ मतमारी भी कर रहे हैं। भाजपा का मुख्य कार्य साजिशें करना और षड्यंत्र रचना है। जब उनके पास बुनियादी सवालों के जवाब नहीं होते, तो वे चुनाव में हेराफेरी कर परिणाम अपने पक्ष में लाने का प्रयास करते हैं।

    बिहार में एसआइआर को एक वर्ष पहले लागू किया जा सकता था, लेकिन अब जब भाजपा को यह आभास हो गया है कि जनता उनके खिलाफ हो रही है, तो वे संभावित हार को टालने के लिए बड़े पैमाने पर वोट काटने की योजना बना रहे हैं। अखिलेश यादव मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता व झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके गांव नेमरा पहुंचे थे।

    उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राहुल गांधी से एफिडेविट (शपथपत्र) मांग रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी ने लगभग दो वर्ष पूर्व 18 हजार वोट डिलीट होने के खिलाफ शपथपत्र देकर जानकारी दी थी। जिन लोगों ने 2019 में वोट डाला था, उनके नाम 2022 के चुनाव में गायब पाए गए थे।

    उन्होंने कहा कि यदि एक बार भी कार्रवाई होती है तो किसी नागरिक का वोट नहीं काटा जाएगा। उन्होंने यूपी के फतेहपुर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। कहा- भारतीय जनता पार्टी की रणनीति अंग्रेजों से ली गई है। डिवाइड एंड रूल की नीति के तहत जब हम लोग हक की बात करते हैं, वो हिंदू-मुसलमान करने लगते हैं। जितने लोग वीडियो में दिख रहे हैं उन सभी को जेल भेजना चाहिए।