'हिंदू टाइगर फोर्स पर लगे बैन', आफताब हत्याकांड को लेकर इरफान अंसारी ने BJP को घेरा
रामगढ़ में आफताब अंसारी की संदिग्ध मौत पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बजरंग दल पर दबाव बनाने और बाबूलाल मरांडी के ट्वीट्स को नफरत फैलाने का कारण बताया। उन्होंने हिंदू टाइगर फोर्स को आतंकी संगठन बताते हुए प्रतिबंध की मांग की और मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच का आग्रह किया। मंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का वादा किया।

राज्य ब्यूरो, रांची। रामगढ़ में आफताब अंसारी की संदिग्ध मृत्यु को राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा प्रायोजित करार देते हुए कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने कहा कि यह घटना संविधान, कानून और इंसानियत पर हमला है। आफताब को बजरंग दल के दबाव में पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में वह मृत पाया गया।
उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताया और कहा कि वे मौन नहीं रहेंगे। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके भड़काऊ ट्वीट्स ने नफरत का माहौल बनाया, जिसके परिणामस्वरूप यह हत्याकांड हुआ।
हिंदू टाइगर फोर्स पर प्रतिबंध की मांग
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड में अब बजरंग दल कानून चलाएगा? क्या पुलिस भाजपा के इशारों पर निर्दोषों की जान लेगी? उन्होंने हिंदू टाइगर फोर्स को आतंकी संगठन करार देते हुए इसपर तत्काल प्रतिबंध और इसके संस्थापक पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूरे प्रकरण की जानकारी दी और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिया कि इस हत्याकांड में शामिल किसी भी व्यक्ति, चाहे वह पुलिस हो, भाजपा नेता हो या कट्टर संगठन का हो, उसे बख्शा न जाए।
आफताब को मिलेगा न्याय
रामगढ़ के एसपी को चेतावनी दी कि दोषी को कानून के दायरे में लाएं। उन्होंने रामगढ़ की जनता से शांति बनाए रखने और सरकार पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लौटते ही पीड़ित परिवार से मिलूंगा। यह मेरी व्यक्तिगत और राजनीतिक लड़ाई है। आफताब को न्याय मिलेगा।
उन्होंने हिंदू टाइगर फोर्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि कौन हैं ये लोग जो गरीबों की जान ले रहे हैं? इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ आफताब की लड़ाई नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की आवाज है जो डर के साये में जी रहा है। जो भी इस साजिश का हिस्सा है, वह सलाखों के पीछे होगा। यह मेरा वादा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।