Ranchi News: कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का हुआ नुकसान
रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल की आठ गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। गलत पार्किंग के कारण दमकल कर्मियों को पहुंचने में दिक्कत हुई।

जागरण संवाददाता, रांची। सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर डंडस्ट्रियल एरिया में फर्नीचर गोदाम सुप्रीम टेक्नो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे आग लगने की घटना हुई।
आग इतनी भीषण थी कि देर रात तक गोदाम से आग की लपटें निकलतीं रहीं। गोदाम में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख हो गया। आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दुकान के संचालक का नाम मनदीप सिंह है। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर बिग्रेड को सूचना दी गई।
जबतक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचते तबतक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। गोदाम में फर्नीचर,गोंद, लकड़ी होने की वजह से कुछ ही पल में गोदाम में तीनों तल्ले पर आग फैल गई।
काबू पाने में आठ फायर बिग्रेड की गाड़ी का इस्तेमाल हुआ। संचालक के अनुसार गोदाम लाखों रुपये का सामान था जो पूरी तरह से जलकर राख हो गया। बार-बार पानी खत्म होने के बाद कई वाहनों के वर्कशाप से पानी लेकर उपयोग किया गया।
आग की विकरालता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जो भी फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची रही थी, उसका पानी तुरंत खत्म हो जा रहा था। गाड़ी में पूरा पानी नहीं भरा हुआ था। बार-बार पानी खत्म होने पर मौके पर मौजूद लोग गुस्से में आ गए।
इसके बाद सदर थानेदार ने इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित कई वाहनों के वर्कशाप में जाकर पानी देने के लिए कहा। इसके बाद पानी खत्म होने पर दमकलकर्मी गाड़ी लेकर शोरूम गए फिर वहां से पानी भरकर आएं। रात दस बजे आग पर काबू पाया जा सका।
एक दिन पहले एक ट्रक आया था नया फर्नीचर
गोदाम में एक दिन पहले एक ट्रक नया फर्नीचर आया था। नया फर्नीचर को गोदाम में आगे के हिस्सा में रखा गया था। आग लगने की घटना हुई तो सबसे पहले नया फर्नीचर जल कर राख हो गया। नया फर्नीचर के साथ सैकड़ों कुर्सियां रखी हुई थी, वह भी जलकर राख हो गई।
शटर और ताला तोड़कर आग बुझाने का किया गया प्रयास
गोदाम के संचालक और अन्य कर्मचारी रविवार को दोपहर तक गोदाम में थे। कुछ मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर एक बजे संचालक और अन्य कर्मचारी गोदाम में ताला लगाकर चले गए। गोदाम में पीछे से भी निकलने का रास्ता है।
इस वजह से गोदाम के मुख्य द्वार पर अंदर से ताला लगाया जाता था और पीछे के रास्ते से सभी लोग निकलते थे। गोदाम में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। लेकिन आग लगने की घटना हुई तो सभी मजूदर गोदाम से बाहर निकल गए।
गोदाम के प्रवेश द्वारा पर अंदर से ताला लगने की वजह से बाहर से शटर को तोड़ा गया फिर आग पर काबू पाने की कोशिश हुई।
जेसीबी से सामान हटाने के बाद अंदर जा सके दमकलकर्मी
गोदाम में आगे के हिस्सा में जितना सामान रखा हुआ था सब जल रहा था। इस वजह से दमकलकर्मी गोदाम के अंदर नहीं जा पा रहे थे। ढाई घंटे तक के बाद मौके पर जेसीबी को बुलाया गया।
जेसीबी से गोदाम में आगे के हिस्सा में जो सामान जला हुआ था, उसे हटाया गया। इसके बाद दमकलकर्मी गोदाम के अंदर गए और फिर आग पर काबू पाया गया। कुछ दमकलकर्मी खिड़की पर भी चढ़कर आग बुझा रहे थे।
सड़क पर गलत पार्किंग की वजह से दमकलकर्मियों को पहुंचने में हुई परेशानी
कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क के किनारे दर्जनों वाहन गलत तरीके से लगे हुए थे। इस वजह से दमकलकर्मियों को मौके पर पहुंचने में काफी परेशानी हुई। पुलिस के द्वारा कई रास्तों को ब्लाक कर दिया गया।
मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन कोई आग पर काबू पाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कई लोगों ने गोदाम के आगे गलत तरीके से बाइक खड़ी कर दी थी। इससे भी दमकल कर्मियों को और परेशानी हुई।
काफी दूर से दिख रहा था धुंआ
सुप्रीम फर्नीचर में आग की लगने की घटना हुई तो धुंआ काफी अधिक निकल रहा था। लोग काफी दूर से ही धुंआ देख ले रहे थे। गोदाम में आग लगते ही गोंदाम संचालक के कई दोस्त घटनास्थल पर पहुंचे। कई दोस्तों के साथ उनका पूरा परिवार था।
दोस्त फायर बिग्रेड की गाड़ी पर चढ़कर खुद पानी दे रहे थे। लेकिन जबतक आग पर काबू पाया गया गोदाम में कुछ नहीं बचा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।