Jharkhand Politics: कांग्रेसियों का जत्था पहुंचा बिहार, राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में हुए शामिल, मंत्री - विधायक भी हैं साथ
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में वोट अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए दर्जनों गाड़ियों का काफिला झारखंड से चलकर बिहार के नवादा पहुंचा। वहां वे वोट अधिकार यात्रा में सभी शामिल हुए। उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू पूर्व सांसद धीरज प्रसाद आदि थे।

राज्य ब्यूरो, रांची । बिहार में वोट अधिकार यात्रा में शामिल होकर प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं ने अपनी बातों को मजबूती से रखा। प्रदेश कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के बाद दावा किया कि बिहार की जनता निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हो चुकी है और वहां इस बार सत्ता पलट होना तय है।
बिहार के नवादा पहुंचे कांग्रेसजनों का नेतृत्व करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के सैकड़ों कार्यकर्ता वोट अधिकार यात्रा के साक्षी बने।
दावा किया कि नवादा की धरती पर अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। हाथों में तिरंगा लिए लोग “वोट हमारा अधिकार है” जैसे नारों के साथ पूरे उत्साह से यात्रा में सम्मिलित हुए।
तेजस्वी यादव सहित यूपीए के सभी प्रमुख नेता हुए शामिल
यात्रा में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित यूपीए गठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं ने शामिल होकर संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपना संकल्प दोहराया।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने का राष्ट्रीय आंदोलन है। आज पूरा देश वोट अधिकार यात्रा के साथ खड़ा है।
भाजपा सरकार संस्थाओं को कमजोर कर रही है और जनता के संवैधानिक अधिकारों को छीनने का प्रयास कर रही है। अब देश की जनता जाग चुकी है।
वह लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिये एकजुट होकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने नवादा की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाएगी।
बड़ी संख्या में झारखंड के कांग्रेसी बने यात्रा के गवाह
इस अवसर पर उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदीप कुमार बालमुचू, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, फुरकान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, डा.इरफान अंसारी, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, रामचंद्र सिंह, भूषण बाडा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, सोनाराम सिंकू के अलावा संगठन से रविंद्र सिंह, सतीश पाल मुंजनी, केदार पासवान, जयशंकर पाठक, ज्योति सिंह मथारू, लालकिशोर नाथ शाहदेव, आलोक दुबे, आदि नेता मौजूद रहे।
जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष के मूड में
दीपिका बिहार के नवादा में आयोजित ‘वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यात्रा में उमड़े विशाल जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि बिहार की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष के मूड में है।
इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए दीपिका ने कहा कि “वोट चोरी” लोकतंत्र के सीने पर सीधा हमला है। बिहार की धरती से उठी यह हुंकार अब पूरे देश में गूंजेगी।
नवादा की यात्रा में शामिल होकर दीपिका पांडेय सिंह ने साफ संदेश दिया कि बिहार और झारखंड की कांग्रेस एकजुट होकर वोट चोरी के खिलाफ जनांदोलन को और तेज करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।