मेरे बांके बिहारी तेरी छटा है निराली
रांची : रांची गौशाला में बुधवार को गोपाष्टमी धूमधाम से मनाई गई। सुबह शोभायात्रा निकाली गई। अपराह्न बच्चों के बीच कार्यक्रम हुए और संध्या सारेगामा के विजेता रहे हेमंत ब्रजवासी ने भजनों से गोभक्तों को झुमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: सात बजे गणेश पूजन से हुआ। इसके बाद 9.30 बजे गोशाला प्रागण से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इसका शुभारंभ विस अध्यक्ष सीपी सिंह, सदर अनुमंडलीय पदाधिकारी अमित कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
शोभायात्रा में प्रचार वाहन सबसे आगे चल रहा था। इसका संचालन मारवाड़ी युवा मंच के सदस्य कर रहे थे। शोभायात्रा में नंद गाय, बछड़े, रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे ग्वाल-बाल चल रहे थे। एक वाहन पर राधाकृष्ण की झांकी भी थी। डीएवी नंदराज एवं मारवाड़ी कन्या मध्य विद्यालय के स्कूली बच्चे झंडी लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत भी हो रहा था। छात्र युवक संघ, अग्रवाल सभा, कार्टसराय रोड, हरियाणा संघ, जेजे रोड व्यवसायी संघ, द्वारिकाधीश वस्त्रालय आदि के लोगों ने गोमाता को गुड़, चोकर, पालक खिलाया। जल पिलाया। बच्चों के लिए टॉफी, बिस्कुट व पानी की व्यवस्था की। अपराह्न तीन बजे से तीन से दस साल के बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संध्या छह बजे से हेमंत बृजवासी ने भजन पेश किया। 14 साल के इस बाल कलाकार ने खूब झुमाया। एक से बढ़कर एक भजन पेश किया..मेरे बांके बिहारी तेरी छटा है निराली, धन्य-धन्य बृजबासी भूमि कि तूने..। आयोजन में सज्जन सर्राफ, ओम प्रकाश छापडिया, अरुण बुधिया, प्रमोद सारस्वत, प्रदीप राजगढिया, सीताराम पोद्दार, किशन पोद्दार, रामरतन सर्राफ, सुनील गुप्ता, घनश्याम शर्मा, कमल केडिया आदि सक्रिय रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।