Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    संजय द्विवेदी व दीपक रौशन बने हाई कोर्ट के जज

    By JagranEdited By:
    Updated: Wed, 13 Feb 2019 06:32 AM (IST)

    दोनों झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता थे।

    संजय द्विवेदी व दीपक रौशन बने हाई कोर्ट के जज

    रांची, राब्यू : झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी व दीपक रौशन को हाई कोर्ट का नया जज बनाया गया है। इस संबंध में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि इनकी नियुक्ति हाई कोर्ट के एडिशनल जज के रूप में दो साल के लिए की जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल कोलेजियम ने चार दिसंबर 2018 को संजय कुमार द्विवेदी व दीपक रौशन को झारखंड हाई कोर्ट का जज बनाए जाने की अनुशंसा की थी। इसके बाद इस प्रस्ताव को सरकार के पास भेज दिया गया।

    अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी का परिचय

    हाई कोर्ट के अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी का जन्म तीन नवंबर 1965 को बिहार के औरंगाबाद में हुआ था। 1980 में इन्होंने हाई स्कूल की परीक्षा पास की। रांची विश्वविद्यालय से बीए करने के बाद इन्होंने छोटानागपुर लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई की। जनवरी 1994 से इन्होंने हाई कोर्ट में वकालत शुरू की। संजय द्विवेदी सिविल, सर्विस, क्रिमिनल व कारपोरेट के अच्छे अधिवक्ता माने जाते हैं।

    अधिवक्ता दीपक रौशन का परिचय

    दीपक रौशन का जन्म 12 दिसंबर 1967 को रांची में हुआ था। इनके पिता स्व. केशव नंदन प्रसाद वरीय अधिवक्ता थे। रांची जिला स्कूल से इन्होंने हाई स्कूल पास किया और 1985 में मारवाड़ी कॉलेज से साइंस की डिग्री प्राप्त की। 1988 में इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।

    अहमदाबाद के सर एलए शाह लॉ कॉलेज से 1995 में इन्होंने एलएलबी की। इसके बाद सितंबर 1995 में इन्होंने अपने पिता के साथ हाई कोर्ट में वकालत शुरू की। 2004 से 2009 तक केंद्र सरकार के अधिवक्ता रहे। 2009 में इनकम टैक्स के वरीय स्टैंडिंग काउंसिल बने। 2012 में इन्हें जीएसटी का भी वरीय स्टैंडिग काउंसिल बनाया गया।

    जज बनने पर दी बधाई

    अधिवक्ता संजय कुमार द्विवेदी व दीपक रौशन को जज बनाए जाने पर एडवोकेट एसोसिएशन ने बधाई दी है। बधाई देने वालों में एसोसिएशन की अध्यक्ष ऋतु कुमार, महासचिव नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष धीरज कुमार व अन्य शामिल हैं।