हम अपना हक मांग रहे, भीख नहीं
रांची : हम अपना हक मांगते, नहीं किसी से भीख.. लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी। इन्ही नारों के साथ राजध
रांची : हम अपना हक मांगते, नहीं किसी से भीख.. लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी। इन्ही नारों के साथ राजधानी के एमजी रोड में उपद्रव शुरू हो गई। ठीक 12 बजे राजधानी के अलबर्ट एक्का चौक पर करीब 300 की संख्या में लाठी-डंडों से लैस तूफानी दौड़ के साथ पहुंचे। फिर शहर के एमजी रोड में उपद्रव और हुड़दंग का दौर शुरू हो गया।
यहां पहले से तैयार जवानों ने उपद्रवियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोली दागे, पानी की फुहारें छोड़ीं। लाठियां भांजी। इसके बाद भी उपद्रव शांत नहीं हुआ तो फिर लाठी चार्ज किया। पूरे दो घंटे तक बंद समर्थक हुड़दंग मचाते।
सर लाठीचार्ज का ऑर्डर तो दिजीए..
अलबर्ट एक्का चौक से बंद समर्थक भागते हुए एमजी रोड की ओर तेजी से बढ़े। इस बीच अफरा-तफरी शुरू हो गई। अलबर्ट एक्का चौक पर खड़े एसडीओ अमित कुमार को पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज का निर्देश देने का आग्रह किया। लेकिन वे बिना कुछ बोले सर्जना चौक की ओर बढ़ गए। एमजी रोड के हनुमान मंदिर के समीप हुड़दंगियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
12:10 बजे बंद समर्थक तेजी से दौड़ते हुए डेली मार्केट की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें रोकने की कोशिश की गई। पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम रही। इसबीच पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए पहला आंसू गैस के गोले दागे। वाटर कैनन से पानी की फुहारें छोड़ी गई। इसके बाद भीड़ पर लाठीचार्ज किया। बंद समर्थकों ने पुलिस पर पत्थर भी फेंके। उन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लगातार तीन और आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भीड़ छंटने लगी। इसके बाद अलग-अलग जगहों से टैक्सी स्टैंड के पास फिर से भीड़ जमा हो गई। बंद समर्थक बीच सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
सिचुएशन इज नॉट अंडर कंट्रोल
बंद समर्थकों के उपद्रव के बीच एक पुलिस अधिकारी वायरलेस से कंट्रोल रूम से संपर्क कर रहे थे। वे फोर्स भेजने का आग्रह कर रहे थे। कह रहे थे, सिचुएशन इज नॉट अंडर कंट्रोल।
गुजरे हेंमत सोरेन
12:40 बजे राजधानी के एमजी रोड में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे। समर्थकों के साथ पैदल पूरे एमजी रोड में नारेबाजी करते हुए बढ़े। इसबीच पुलिस ने कई बार उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की। लेकिन वे तेजी से बढ़ते रहे। सुजाता चौक पहुंचकर वापस अलबर्ट एक्का चौक पहुंचे और गिरफ्तारी दी।
दर्जनों दुकानों और वाहनों के शीशे तोड़े
हेमंत सोरेन का दल गुजरने के बाद पीछे से जा रहे बंद समर्थकों ने एमजी रोड मे चर्च कांप्लेक्स के आसपास खुली दर्जनों दुकानों में तोड़फोड़ की गई। वाहनों के शीशे तोड़े गए। इस दौरान पुलिस मूमकदर्शक बनी रही।
टूट पड़े पुलिसकर्मी, बरसाई लाठियां
बंद समर्थक एमजी रोड में हुड़दंग मचाने के बाद वापस अलबर्ट एक्का चौक पहुंचे। अलबर्ट एक्का चौक पर गिरफ्तारी देने से इनकार करने पर पुलिसकर्मी उनपर टूट पड़े। चारो तरफ से घेर कर पुलिसवालों ने उनपर जमकर लाठियां बरसाई। पुलिस की बेरहमी से पिटाई में किसी का सिर फटा, तो किसी की अंगुली टूटी। इसके बाद पस्त हुए बंद समर्थकों को बस में ठूंस-ठूंस कर भरा गया, इसके बाद उन्हें कैंप जेल भेजा गया। मारपीट से दर्जनों बंद समर्थक घायल हुए।
महिला को पुरुष पुलिस कर्मियों ने किया गिरफ्तार
बंद समर्थकों का नेतृत्व कर रहीं दीपा मिंज को आठ पुरुष पुलिसकर्मियों ने मिलकर गिरफ्तार किया। वह बार-बार कह रही थीं कि आप हमे गिरफ्तार नहीं कर सकते लेकिन पुलिसकर्मी मानने को तैयार नहीं थे। उसे धक्का देकर बस में चढ़ाया गया।
छावनी में तब्दील रहा एमजी रोड
एमजी रोड पर आठ बजे तक फिरायालाल, कचहरी चौक, हटिया, कांके चौक, पिस्का मोड़, अरगोड़ा सहित अन्य मुख्य चौक चौराहे छावनी के रूप में तब्दील हो गई।
10:30 बजे पहुंचा पहला दल
अलबर्ट एक्का चौक पर आदिवासी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रेमशाही मुंडा के नेतृत्व में बंद समर्थक पहुंचे और टायर जलाकर प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ जम कर नारे लगाए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
11: 15 बजे माले कार्यकर्ता पहुंचे
अलबर्ट एक्का चौक पर 11:15 बजे सीपीआई माले के कार्यकर्ता पहुंचे। जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गिरफ्तारी देने के लिए आग्रह करने पर नहीं माने तो पुलिस ने घसीट-घसीटकर बस में चढ़ाया।
11:30 बजे पहुंचा जेवीएम का दल
अलबर्ट एक्का चौक पर 11:30 बजे जेवीएम का दल पहुंचा। पीछे से बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने यहां जमकर हंगामा किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
ड्रोन से हो रही थी निगरानी
अलबर्ट एक्का चौक पर ड्रोन कैमरे से गिरानी हो रही थी। भीड़ बढ़ते ही ड्रोन कैमरा उड़ा दिया गया था। किनारे खड़ा ऑपरेटर लगातार गतिविधियों को कैद करने में जुटा था।
सड़क पर लेट गए बंधु तिर्की
अलबर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लेट गए। बंधु तिर्की को लेटता देख अन्य समर्थक भी लेटने लगे। लेटकर उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया।
--
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।