Shibu Soren Bhoj: शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार भोज में पहुंचे राजनाथ सिंह, दुधमटिया से नेमरा तक भीषण जाम
शिबू सोरेन के दशकर्म संस्कार में रांची के नेमरा में कई जिलों के एसपी-डीसी समेत राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हुए। दुमका साहेबगंज और संताल से भी लोग आए हैं। संस्कार भोज के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिशोम गुरु के आवास पर आने वालों की जांच हो रही है। भोज में हिस्सा लेने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंच गए हैं।

जागरण संवाददाता, रांची। शिबू सोरेन के दशकर्म संस्कार में नेमरा में अभी तक एक दर्जन जिलों के एसपी-डीसी पहुंचे। इसके अलावा, अन्य जिलों से भी पदाधिकारी आ रहे हैं। बड़े पैमाने पर दुमका, साहेबगंज और संताल के अन्य क्षेत्रों से राजनीतिक कार्यकर्ता जुटे हैं। दिशोम गुरु के संस्कार भोज को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उनके नेमरा स्थित आवास की ओर लोगों का भारी संख्या में आना जारी है।
दिशोम गुरु के संस्कार भोज में कई नेता हिस्सा लेने के लिए नेमरा पहुंच रहे हैं। वहीं, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी नेमरा पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नेमरा पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि भी अर्पित किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का चरण स्पर्श करके आशीर्वाद लिया।
शनिवार 1.30 बजे नेमरा में शिबू सोरेन के संस्कार भोज में लोगों की भीड़ उमड़ी है। 10 हजार से अधिक वाहनों से लोग पहुंचे हैं। दुधमटिया से नेमरा तक जाम लग गया है।
नेमरा में गुरुजी शिबू सोरेन के संस्कार भोज की शुरुआत हो गई है। इसके लिए लोग इंतजार कर रहे हैं। संस्कार भोज में एक तरफ से आगमन और दूसरी तरफ से निकासी द्वार बनाया गया है, ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़े।
योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जल-जंगल जमीन की रक्षा करने वाले महापुरुष शिबू सोरेन झारखंड ही नहीं पूरे देश के लिए एक आदर्श थे।
दिशोम गुरु के दशकर्म भोज में आम लोगों के लिए भोजन शुरू हो गया है। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, भोज में बड़ी संख्या में लोगों का आना जारी है।
राज्यपाल राज्यपाल संतोष गंगवार रांची में शिक्षा मंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद नेमरा गए हैं। यहां पर राज्यपाल शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार भोज में हिस्सा लेने के लिए आए हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे नेमरा पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जी के पद चिन्हों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने गुरु जी के समय के अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि एक बार बक्सर की सभा मे गुरु जी ने कहा था कि वे लड़कर झारखंड लेंगे। उन्होंने जो कहा था करके दिखाया।
स्क्रीन पर दिशोम गुरु की जीवनी पर बनी शार्ट फिल्म का भी जगह-जगह प्रदर्शन चल रहा है। वहीं, सुरक्षा में तैनात जवानों-अधिकारियों के लिए पुलिस केंद्र से नाश्ता मंगवाया गया है। उन्हें संस्कार भोज का खाना नहीं खाना है। उनके लिए पुलिस केंद्र से ही भोजन आएगा।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक और मंगल कालिंदी भी आवास पहुंचे। वहीं, विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी ऑटो से दिवंगत गुरु जी के आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज दुख की घड़ी है। आज बाबा को याद करने के लिए लाखों लोग पहुंचेंगे। यहां से श्रद्धांजलि देने के बाद मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने जाएंगे।
आज भी उनके गांव से 10 किलोमीटर दूर ही सभी गाड़ियां को रोका जा रहा है। सिर्फ वीवीआइपी गाड़ियां ही गांव तक जा रही हैं। अन्य लोगों को पार्किंग स्थल से गांव तक जाने के लिए ऑटो की व्यवस्था है। फेरी सेवा से लोगों को ले जाया रहा है।
दिशोम गुरु के घर के पास डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाकर हर आने वाले लोगों की जांच हो रही है। नेमरा में पुलिस कंट्रोल रूम बना है। पूरे 15 किलोमीटर क्षेत्र को 60 से अधिक सेक्टर में बांटकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम हुए हैं। वरीय पुलिस अधिकारियों का भी आना जारी है।
10 से अधिक जिलों के एसपी, रेंज डीआईजी, जोनल आईजी मौके पर पहुंचे। अभी-अभी पूर्णिया सांसद पप्पू यादव व मंत्री सुदिव्य सोनू इलेक्ट्रिक ऑटो से दिशोम गुरु के घर पहुंचे। सभी पुलिस पदाधिकारियों के लिए अनाउंसमेंट की जा रही है, पोस्ट छोड़ कर कहीं दूर गए तो कार्रवाई होगी।
खाने पीने के लिए ढाई पंडाल लगे हैं। एक पंडाल में एक बार में 2500 लोगों के बैठने की क्षमता है। करीब 8000 लोग एक बार में बैठकर संस्कार भोज ले सकता है। सादे लिबास से लेकर वर्दी तक में सुरक्षा बल मौजूद हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।