आधार कार्ड के बिना ही गुजर गए जिंदगी के 40 साल, अब जाकर जगी रामगढ़ के राजेश मुंडा की उम्मीद
रामगढ़ के मांडू में 40 वर्षीय राजेश मुंडा ने कई प्रयासों के बाद पहली बार आधार कार्ड के लिए पंजीकरण ...और पढ़ें

राजेश मुंडा की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
राजेश मुंडा ने 40 वर्ष की उम्र में आधार पंजीकरण कराया।
कई प्रयासों के बावजूद पहले आधार कार्ड नहीं बन पाया था।
संजय मंडल, मांडू (रामगढ़)। प्रखंड क्षेत्र के करमा निवासी 40 वर्षीय राजेश मुंडा बुधवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार निबंधन केंद्र पहुंचे। कई बार प्रयास के बावजूद उनका आधार कार्ड नहीं बन पाया था। बुधवार को उनका पंजीकरण हुआ, जिसके बाद उन्हें कार्ड बनने की उम्मीद जगी है।
राजेश मुंडा, पिता टिकु मुंडा, ने बताया कि उन्होंने पहले भी दो-तीन बार आधार कार्ड बनवाने का प्रयास किया था, लेकिन किसी कारणवश आवेदन निरस्त हो गया। लगातार असफलता के बाद उन्होंने आधार बनवाने की उम्मीद छोड़ दी थी। बुधवार को उन्होंने फिर प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर पंजीकरण कराया। केंद्र के कर्मियों को 40 वर्ष की उम्र में भी उनका आधार कार्ड नहीं बनने की जानकारी मिली तो वे आश्चर्यचकित रह गए।
आधार निबंधन केंद्र के पर्यवेक्षक सरफराज खान ने बताया कि राजेश मुंडा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। आधार कार्ड नहीं होने के कारण वे अब तक बैंक खाता खुलवाने, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और आवास योजना समेत केंद्र एवं राज्य सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं।
बुधवार को उनका आधार के लिए पंजीकरण कर लिया गया। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की स्थापना 28 जनवरी 2009 को हुई थी और देश का पहला आधार नंबर 29 सितंबर 2010 को जारी किया गया था। आधार व्यवस्था शुरू होने के करीब 16 वर्ष बाद भी राजेश मुंडा का इससे वंचित रहना सरकारी दस्तावेजों और योजनाओं तक आम लोगों की पहुंच पर सवाल खड़ा करता है।