रामगढ़ की बेटियों ने झारखंड में लहराया परचम, अंडर-14 में पूर्वी सिंहभूम को हराकर बनीं राज्य वॉलीबॉल चैंपियन
रामगढ़ के पोचरा गांव की अंडर-14 बालिका वॉलीबॉल टीम ने दुमका में आयोजित 9वीं मिनी झारखंड राज्य चैंपियनशिप का खिताब ...और पढ़ें

उपायुक्त ऋतुराज ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित। जागरण
HighLights
पोचरा की अंडर-14 टीम ने जीता झारखंड वॉलीबॉल चैंपियनशिप।
रोशनी बेस्ट अटैकर, निशि बेस्ट लिफ्टर बनीं, मिला सम्मान।
संवाद सूत्र, बरकाकाना (रामगढ़)। जिले के पोचरा गांव की बेटियों ने अपनी प्रतिभा मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर झारखंड में रामगढ़ का मान बढ़ाया। दुमका में आयोजित 9 वीं मिनी झारखंड राज्य वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के अंडर-14 बालिका वर्ग में पोचरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टीम ने पूर्वी सिंहभूम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस शानदार सफलता में कोच बसंत नायक की अहम भूमिका रही। उनके निरंतर प्रशिक्षण मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्र की इन बेटियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय दिया। चैंपियन टीम में भावना, स्नेहा भारती, रोशनी कुमारी, निशि कुमारी, निशा कुमारी, परी कुमारी, साक्षी कुमारी एवं निधि कुमारी शामिल थीं। इनमें भाकपा माले के रामगढ़ जिला सचिव हीरा गोप की पोतियां भावना और स्नेहा भारती भी शामिल हैं। टीम की खिलाड़ियों ने इससे पहले ओपन मैच और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए रोशनी कुमारी को बेस्ट अटैकर तथा निशि कुमारी को बेस्ट लिफ्टर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टीम की इस उपलब्धि पर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने अपने कार्यालय कक्ष में सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को खेल सामग्री प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। पोचरा गांव की बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कोच बसंत नायक के प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीण परिवेश में सीमित संसाधनों के बीच अभ्यास कर राज्य स्तर पर चैंपियन बनने वाली इन बेटियों ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।