Ramgarh By-Election: रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए 31 जनवरी से होगा नामांकन, इस तारीख को होगा मतदान
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए 31 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी और इसी के साथ चुनाव के लिए नामांकन भी शुरू हो जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सात फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच आठ फरवरी को होगी और 10 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जाएंगे।

रामगढ़, जागरण टीम: रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए 31 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी और इसी के साथ चुनाव के लिए नामांकन भी शुरू हो जाएगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख सात फरवरी निर्धारित की गई है। दाखिल नामांकन पत्रों की जांच आठ फरवरी को होगी और 10 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना दो मार्च को निर्धारित की गई है।
ममता देवी को आईपीएल फैक्ट्री के खिलाफ आंदोलन में हुई मौत मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता चली गई थी, जिसके बाद से यह सीट रिक्त हो गई थी। रामगढ़ उपचुनाव के लिए अभी तक किसी दल ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। हालांकि एनडीए गठबंधन में आजसू से वर्तमान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
बता दें कि रामगढ़ के आईपीएल फैक्ट्री में 2016 में विस्थापितों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया था जिसका तत्कालीन जिलापरिषद सदस्य ममता देवी ने नेतृत्व किया था। महीने भर चला यह आंदोलन एक समय उग्र रूप धारण कर लिया था जिससे पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे और आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी थी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई घायल हो गए थे।
इस आंदोलन ने ममता देवी को जनता ने विधायक तो बना दिया लेकिन कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए ममता देवी को दोषी पाया। कोर्ट ने ममता देवी पर दस हजार का जुर्माना लगाते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। पांच साल की सजा सुनाए जाने के कारण वह विधानसभा सदस्यता की अर्हता खो दीं और विधानसभा द्वारा उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।