विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां के निधन के बीच सरकारी काम संभाल रहे सीएम हेमंत, आज नेमरा आएंगे केंद्रीय कोयला मंत्री व छत्तीसगढ़ के पूर्व CM

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:56 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां रूपी सोरेन के निधन के बाद भी नेमरा से सरकारी कामकाज संभाल रहे हैं, जबकि ...और पढ़ें

मां रूपी सोरेन के निधन के बाद संथाली रीति- रिवाज निभाते सीएम। जागरण

मां रूपी सोरेन के निधन के बाद संथाली रीति- रिवाज निभाते सीएम। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मां के निधन पर भी सरकारी काम संभाल रहे।

  2. केंद्रीय कोयला मंत्री और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री आज नेमरा आ सकते हैं।

  3. संथाली रीति-रिवाज से मुख्यमंत्री ने मां को भोजन और जल अर्पित किया।

जागरण संवाददाता, रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के मुखिया के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक बेटे के रूप में भी अपने पारिवारिक दायित्वों को निभा रहे हैं। पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर उनके इलाज से लेकर पांच अगस्त 2025 को उनके निधन के बाद करीब 15 दिनों तक हेमंत सोरेन ने पुत्र धर्म का पालन किया था।

अब करीब एक वर्ष बाद सात अक्टूबर की देर शाम उनकी माता रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री एक बार फिर पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच हैं। इस दौरान उनके अनुज बसंत सोरेन भी गंभीर रूप से बीमार हैं और सिंगापुर में इलाजरत हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री राज्य के प्रति अपने दायित्वों के साथ मां के प्रति अपने पुत्र धर्म का भी निर्वहन कर रहे हैं।

नेमरा से ही सरकारी कामकाज निबटा रहे मुख्यमंत्री

मौजूदा परिस्थितियों में मुख्यमंत्री सचिवालय यानी सीएमओ का कामकाज भी नेमरा से संचालित हो रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहीं से राज्य की विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के साथ जरूरी सरकारी कामकाज निबटा रहे हैं।

मुख्य सचिव अविनाश कुमार जरूरी सरकारी फाइलें लेकर सीधे नेमरा पहुंच रहे हैं। वहां मुख्यमंत्री के साथ आवश्यक कामकाज और फाइलों पर चर्चा की जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री संबंधित फाइलों पर स्वीकृति दे रहे हैं।

राज्य के आला पुलिस अधिकारी भी विधि-व्यवस्था सहित अन्य मामलों की जानकारी देने के लिए लगातार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नेमरा पहुंचने वाले आगंतुकों से भी मिल रहे हैं। उनसे मिलने वालों का तांता लगा हुआ है।

cm hemant soren nemra

संथाली रीति-रिवाज से मां को अर्पित किया भोजन और जल

जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा में शनिवार की सुबह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीन नहान की रस्म निभाई। इस दौरान उन्होंने संथाली रीति-रिवाज के अनुसार दिवंगत मां रूपी सोरेन को सखुआ के पत्ते में भोजन और जल अर्पित किया। शनिवार को पारंपरिक तरीके से रूपी सोरेन का तीन कर्म किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अपनी मां के प्रति अंतिम पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन आगामी 15 दिनों तक करेंगे।

cm hemant soren nemra

आज नेमरा पहुंचेंगे केंद्रीय कोयला मंत्री और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए शनिवार को कई विशिष्ट लोगों के नेमरा पहुंचने की संभावना है। इनमें केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा कई मंत्री एवं अन्य वीआईपी शामिल हैं।

उनके आगमन को देखते हुए नेमरा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत सहित जिले का पूरा प्रशासनिक अमला नेमरा में कैंप कर रहा है। पुलिस के जवान लगातार सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए हैं।

cm hemant soren nemra

श्राद्ध भोज की तैयारी शुरू, बनाए जाएंगे तीन पंडाल

मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन के श्राद्ध भोज की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए शनिवार से तीन अलग-अलग पंडाल बनाने का काम शुरू होगा। पिछले वर्ष दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के भोज कार्यक्रम की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। 

cm hemant soren nemra

यह भी पढ़ें- अस्वस्थ हालत में भी पति शिबू सोरेन का सम्मान लेने दिल्ली पहुंची थीं रूपी सोरेन; राष्ट्रपति ने सौंपा था पद्म भूषण

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी ने रूपी सोरेन के निधन पर ओल चिकी लिपि में जताया शोक, संथाली में जनजातीय सशक्तिकरण को सराहा