Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand: सारंडा में माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, कोबरा का जवान घायल; 100 राउंड चली गोलियां

    Updated: Fri, 30 May 2025 06:52 PM (IST)

    पश्चिमी सिंहभूम के जराईकेला में माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एक जवान घायल हो गया। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की जो ओडिशा से लूटी गई थी। पुलिस ने इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

    Hero Image
    सुरक्षा बलों द्वारा विस्फोटक सामग्री बरामद। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, चाईबासा। माओवादियों के विरुद्ध अभियान के दौरान शुक्रवार को दोपहर में जराईकेला थानान्तर्गत वनग्राम तिरिलपोसी के आस-पास जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों एवं सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है।

    इस दौरान दोनों ओर से लगभग 100 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के क्रम में सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल एवं पहाड़ का लाभ उठाते हुए भाग खड़े हुए।

    इसके पहले माओवादियों ने उक्त क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से पूर्व में लगाये गये आइईडी को विस्फोट किया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 209 बटालियन के हवलदार सुनील कुमार टीएस साधारण रूप से जख्मी हो गये।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उक्त जख्मी कर्मी की स्थिति स्थिर है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी उपचार के पश्चात उक्त जख्मी जवान को उच्चतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

    वहीं, मुठभेड़ के पश्चात चले सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री को बरामद किया है।

    बताया जा रहा है कि बरामद किया गया विस्फोट ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के केबलांग थाना अंतर्गत बांको खदान पहुंचने से पहले 27 मई को लूटा गया विस्फोटक है। सुरक्षा बलों ने इसे तिरिलपोशी से जब्त किया है।

    बता दें कि सुंदरगढ़ के बड़ागांव से आ रहे विस्फोटकों से लदे एक वाहन को माओवादियों ने चार दिन पहले लूट लिया था। लूटे गये विस्फोटक की मात्रा लगभग 4 टन थी। इस घटना के बाद झारखंड पुलिस ने जराइकेला सीमा पर हाई अलर्ट जारी करते हुए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

    सुरक्षाबल के जवानों ने सारंडा जंगल के दीघा, थोलकोबाद, छोटानागरा, बराईबूरु में एक साथ अभियान शुरू किया था। इसी अभियान के क्रम में शुक्रवार को दोपहर में माओवादियों से मुठभेड़ हुई।

    सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख माओवादी भाग खड़े हुए। हालांकि, जाते-जाते आइईडी को ब्लास्ट कर दिया। इस ब्लास्ट में कोबरा 209 बटालियन का जवान घायल हो गया। वहीं, बाद में चले सर्च ऑपरेशन में विस्फोटक, माओवादी वर्दी व अन्य सामग्री बरामद की गयी।

    अभियान में चाईबासा जिला पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा की 203 व 209 बटालियन, सीआरपीएफ की 26 बटालियन, 60 बटालियन, 134 बटालियन, 193 बटालियन, 197 बटालियन शामिल थी।

    comedy show banner
    comedy show banner