झारखंड के जंगल से अज्ञात लड़की का शव बरामद, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र में राजदरिया के जंगल से पुलिस ने एक अज्ञात लड़की का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका है मृतका के पैर में जंजीर बंधी थी और शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा।

जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। नावाबाजार थाना क्षेत्र के राजदरिया के जंगल से पुलिस ने रविवार को एक अज्ञात लड़की का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पैर में जंजीर बंधी हुई थी, जबकि चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर चोट व जख्म के निशान मिले हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने झाड़ी में शव होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है। इधर,घटना की जानकारी फैलते ही शव देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पहचान के लिए 72 घंटे सुरक्षित रखा जाएगा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है। पहचान न होने की स्थिति में शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद नियम के मुताबिक अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क कर रही है ताकि मृतका की पहचान हो सके।
तकनीकी आधार पर छानबीन
थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच तकनीकी आधार पर भी की जा रही है। कॉल डिटेल्स, इलाके में सक्रिय संदिग्धों और हाल के मामलों की छानबीन की जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और कर शव यहां लाकर डाला गया हो सकता है।
आर्केस्ट्रा कनेक्शन की भी जांच
जिस इलाके से शव बरामद हुआ है, वह आर्केस्ट्रा आयोजनों के लिए भी कुख्यात माना जाता है। पूर्व में भी यहां लड़कियों से जुड़े कई आपराधिक मामलों का तार आर्केस्ट्रा कलाकारों से जुड़ चुका है। इस पृष्ठभूमि में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।