पलामू के प्रभात मेहता हत्याकांड में SIT की जांच पूरी, आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नहीं मिला ठोस साक्ष्य
पलामू पुलिस की एसआईटी ने प्रभात मेहता हत्याकांड की जांच पूरी कर ली है। रिपोर्ट में आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं।

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
एसआईटी ने प्रभात मेहता हत्याकांड की जांच पूरी की।
रिपोर्ट सीआईडी और डीआईजी पलामू को सौंपी गई।
जागरण संवाददाता, मेदिनीनगर (पलामू)। जिले के चर्चित प्रभात मेहता हत्याकांड में पलामू पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अपनी रिपोर्ट सीआईडी और पलामू के डीआईजी किशोर कौशल को सौंप दी है।
जांच के दौरान आरोपित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। एसआईटी ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार की है।
दरअसल, प्रभात मेहता हत्याकांड में स्वजन ने कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए थे।
इसके बाद पलामू पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। आईपीएस अधिकारी सह हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपों की जांच की। इस दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की पड़ताल की गई। विभिन्न तथ्यों और तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंप दी।
एसआईटी की जांच में आरोपित पुलिसकर्मियों की हत्याकांड में संलिप्तता से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। जांच के दौरान घटना के वक्त संबंधित पुलिसकर्मियों के अलग-अलग स्थानों पर होने की जानकारी सामने आई। इस मामले में सीआईडी और वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी रिपोर्ट मांगी थी।
23 मई को लापता हुआ था प्रभात, चार दिन बाद मिला था शव
पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव से बीते 23 मई को प्रभात मेहता लापता हो गया था। चार दिन बाद, 27 मई को उसका शव बरामद किया गया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था।
आरोपित प्रभात मेहता का दोस्त भी रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद स्वजन ने कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका पर संदेह जताते हुए सवाल उठाए थे। इसके बाद पलामू पुलिस ने एसआईटी गठित कर मामले की जांच कराई।
प्रभात मेहता हत्याकांड में एसआईटी ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच की है। जांच पूरी कर रिपोर्ट सीआईडी और पलामू डीआईजी को सौंप दी गई है।
-कपिल चौधरी, एसपी, पलामू।
यह भी पढ़ें- दशहरा मनाने गांव आया था बेटा, गुमला में पिता ने टांगी से मारकर की हत्या; 40 वर्षीय कुलदीप की मौत से सनसनी
