मुरादाबाद की बेटी की उत्तराखंड में ससुरालियों ने कर दी हत्या, पति समेत चार गिरफ़्तार
मुरादाबाद की बेटी कोहिनूर की रामनगर में दहेज के लिए ससुरालियों ने हत्या कर दी। पुलिस ने पति, सास, जेठ ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जासं, रामनगर। दहेज में पैसे व बाइक नहीं मिलने पर ससुराल के लोगों ने नवविवाहिता की हत्या कर दी। पुलिस ने पति, सास, जेठ व ननद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने महिला की हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने की भी प्रयास किया। पुलिस की जांच से आरोपित अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 सौ रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।
जनपद उप्र के मुरादाबाद के तहसील ठाकुरद्वारा ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद पुत्र जबर साह की पुत्री कोहिनूर का निकाह इसी साल 16 मई को रामनगर के गैस गोदाम रोड निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति रिवाज से हुआ था।
कोहिनूर के पिता नसीम ने पुलिस को तहरीर में बताया कि पुत्री के विवाह में सार्मथ्य अनुसार दहेज देने के बादभी ससुराल पक्ष ने बुलेट मोटरसाइकिल एवं पांच लाख रुपये की मांग की थी और 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने बेटी को कमरे में बंद कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ।
जांच एवं गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
एसएसपी डा मंजूनाथ टी.सी ने एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह एवं रामनगर सीओ रविकांत सेमवाल तथा कोतवाल सुशील कुमार प्रभारी के निर्देशन में जांच एवं गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। गुरुवार को एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पूछताछ एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार मृतका कोहिनूर एवं उसके पति उवेश के बीच दहेज के रुपये तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के सदस्य भी शामिल हो गए।
विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा फिर उसे उसके हाथ-पैर पकड़े और गर्दन पर दबाव डाला गया। जिससे कोहिनूर की मृत्यु हो गई।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया और आत्महत्या किए जाने की बात बताई गई। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका एवं अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है। पुलिस ने मृतका के पति उवेश, सास नसरीन, जेठ अनस व ननद शबा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
